'हत्यारों को गिरफ्तार करो, फिर बेटी का अंतिम संस्कार करेंगे':कानपुर में छात्रा का झाड़ियों में मिला सिर कटा शव, परिजनों ने किया हंगामा
कानपुर में एलएलबी छात्रा के परिजनों ने शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने कहा- पहले हत्यारों को गिरफ्तार करो, फिर बेटी का अंतिम संस्कार करेंगे। परिजन छात्रा की हत्या का आरोप उसके साथ कोचिंग पढ़ने वाले दोस्त और उसके साथियों पर लगा रहे हैं। गिरफ्तारी और जेल भेजने की मांग को लेकर करीब तीन घंटे तक हंगामा चलता रहा। गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद रात करीब 9 बजे परिजन शांत हुए और शव ले जाने को तैयार हो गए। शुक्रवार को झांसी रेलवे लाइन किनारे 15 फीट गहरी झाड़ियों में छात्रा का शव मिला था। 28 सितंबर को लापता हुई थी छात्रा दबौली वेस्ट की रहने वाली रूचि पाल (23) 28 सितंबर की शाम घर से लापता हुई थी। शुक्रवार को उसका शव झांसी रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में मिला। परिजनों ने आरोप लगाया कि छात्रा की हत्या उसके साथ कोचिंग पढ़ने वाले दोस्त ने साथियों के साथ मिलकर की है। शनिवार को उर्सला अस्पताल के डॉक्टर आशीष कुमार और कल्याणपुर सीएचसी की डॉक्टर गरिमा सक्सेना के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया। शव करीब 5 से 6 दिन पुराना बताया गया है। सिर पर खोपड़ी का ही हिस्सा मिला। खोपड़ी में फ्रैक्चर और अंदरूनी हिस्से में चोट के निशान मिले हैं। मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आने पर विसरा सुरक्षित किया गया है। डीएनए जांच के लिए लिए नमूने डीएनए जांच के लिए घटनास्थल से मिले बाल और शव से दांत व नाखून के नमूने लिए गए हैं। रेप की आशंका को देखते हुए स्लाइड भी तैयार की गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं पर स्थिति साफ होने की उम्मीद है। छात्रा के पिता विमल कुमार पाल का आरोप है कि बेटी के लापता होने के बाद दादानगर फैक्ट्री एरिया चौकी पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। उनका कहना है कि तीसरे दिन गुमशुदगी दर्ज की गई। इसके बाद परिवार ने खुद आसपास के सीसीटीवी खंगाले और रेलवे लाइन के आसपास तलाश शुरू की। चप्पल मिलने के बाद झाड़ियों में मिला शव पिता के मुताबिक, शुक्रवार को रेलवे लाइन के पास छात्रा की चप्पल मिली थी। परिवार ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। आरोप है कि पुलिस ने तत्काल गंभीरता नहीं दिखाई। परिवार के दबाव के बाद पुलिस रेलवे लाइन के पास पहुंची, जहां झाड़ियों में छात्रा का शव पड़ा मिला। ट्रेन हादसे से मौत का जिक्र, फिर बदला पंचायतनामा पोस्टमार्टम से पहले परिजनों ने डॉक्टरों के पैनल और वीडियोग्राफी की मांग की। डॉक्टरों ने पुलिस को बताया कि पहले पंचायतनामा में ट्रेन दुर्घटना से मौत का जिक्र किया गया था। ऐसे मामलों में वीडियोग्राफी नहीं होती है। इसके बाद दूसरा पंचायतनामा तैयार कराया गया, जिसमें मौत का कारण संदिग्ध बताया गया। दोपहर 2:15 बजे दूसरा पंचायतनामा पहुंचने के बाद पैनल और वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम शुरू हुआ। शाम 5:45 बजे पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद परिजन फिर गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। करीब शाम 6 बजे शुरू हुआ हंगामा रात 9 बजे तक चला। इस दौरान सपा नेता सम्राट विक्रम भी पोस्टमार्टम हाउस में परिवार के साथ मौजूद रहे। गिरफ्तारी के आश्वासन पर शव ले गए परिजन गोविंद नगर इंस्पेक्टर अशोक दुबे ने बताया कि परिवार आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहा था। जल्द गिरफ्तारी और कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन शव ले जाने के लिए तैयार हो गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)