इलाहाबाद झांसी स्नातक एमएलसी चुनाव में सपा ने झोंकी ताकत:भर्तियों में पारदर्शिता और पुरानी पेंशन के मुद्दे पर मांग रही समर्थन
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के नेता और जनप्रतिनिधि तहसीलवार बैठकें कर स्नातक मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं। चुनाव प्रचार में सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता, पेपर लीक पर रोक, शिक्षामित्रों के नियमितीकरण, पुरानी पेंशन बहाली और युवाओं को रोजगार देने जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जा रहे हैं। प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव ने जिले की विभिन्न तहसीलों में भ्रमण कर अधिवक्ताओं से मुलाकात की और सपा सरकार के कार्यकाल में अधिवक्ताओं के हित में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर एडवोकेट रोल की स्थापना की जाएगी। उन्होंने युवाओं को रोजगार देने, पेपर लीक की समस्या पर स्थायी रोक लगाने और आउटसोर्सिंग के बजाय सरकारी पदों पर नियमित भर्ती करने की मांगों के साथ मतदाताओं से समर्थन की अपील की। चुनाव प्रचार में अग्निवीर भर्ती और पुरानी पेंशन का मुद्दा भी उठाया जा रहा है। यमुनापार के सिरसा में आयोजित स्नातक मतदाताओं की सभा में सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद कुंवर रेवती रमण सिंह ने कहा कि समाजवादी विचारधारा के रास्ते ही देश में आपसी सौहार्द, तरक्की और खुशहाली लाई जा सकती है। उन्होंने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए लोकतंत्र के सामने खतरे की बात कही। साथ ही डॉ. मानसिंह यादव को जिताने की अपील करते हुए कहा कि वह सदन में बेरोजगारों, शिक्षकों और शिक्षामित्रों के हक की आवाज उठाते रहते हैं। इन वर्गों के हितों के लिए उनका सदन में रहना जरूरी है। शहर के करेली में पूर्व विधायक हाजी परवेज के आवास पर भी बैठक हुई। इसमें शामिल स्नातक मतदाताओं, पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह चुनाव आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की राजनीतिक दिशा के लिहाज से भी अहम होगा। सपा प्रवक्ता दान बहादुर मधुर ने बताया कि हंडिया में विधायक हाकिम लाल बिंद, प्रतापपुर में विधायक विजमा यादव, सोरांव में विधायक गीता शास्त्री और मेजा में विधायक संदीप पटेल के नेतृत्व में चुनाव प्रचार किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)