इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में जॉब लगवा दूंगा...:प्रयागराज में तैयारी करने वाले 3 छात्रों से 6.50 लाख का फ्रॉड, खुद को शिक्षक बताता था
प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। जॉर्जटाउन थाने में एक ही आरोपी अशोक कुमार प्रजापति के खिलाफ 3 अलग-अलग छात्रों की तहरीर पर कई एफआईआर दर्ज की गई हैं। आरोप है कि आरोपी ने खुद को प्रतियोगी छात्रों का मार्गदर्शक और विभिन्न कोचिंग संस्थानों से जुड़ा बताकर विश्वास जीता, फिर इलाहाबाद विश्वविद्यालय में आउटसोर्सिंग के जरिए नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये वसूल लिए।
खुद को कोचिंग शिक्षक बताकर बनाया भरोसा
आरोपी अशोक कुमार प्रजापति, बलुआ जनपद चंदौली का रहने वाला है। वह प्रतियोगी छात्रों के बीच खुद को प्रयागराज की विभिन्न कोचिंग संस्थाओं से जुड़ा शिक्षक और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाला व्यक्ति बताता था। वह दावा करता था कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय सहित अन्य संस्थानों में नौकरी लगवा सकता है। 2 से 2.50 और एक छात्र से 1.50 लाख की ठगी
पुलिस में दर्ज शिकायतों के अनुसार संतकबीरनगर निवासी आशुतोष कुमार से नौकरी दिलाने के नाम पर 2.50 लाख रुपये, प्रतापगढ़ निवासी आशीष कुमार द्विवेदी से 1.50 लाख रुपये और प्रतापगढ़ के ही शैलेन्द्र कुमार मौर्य से 2.50 लाख रुपये लिए गए। तीनों छात्र प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे।
यूपीआई के जरिए ली रकम, मोबाइल बंद किया
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि आरोपी ने विभिन्न मोबाइल नंबरों और यूपीआई के माध्यम से रुपये लिए। पैसा मिलने के बाद उसने अपने अधिकांश मोबाइल नंबर बंद कर दिए और संपर्क खत्म कर दिया। जब छात्रों ने नौकरी या पैसे की जानकारी मांगी तो आरोपी टालमटोल करता रहा।
पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि जब पीड़ित अपने रुपये वापस मांगने के लिए आरोपी के घर पहुंचे तो आरोपी और उसके परिवार के लोगों ने गाली-गलौज की तथा लाठी-डंडे लेकर दौड़ा लिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ितों ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई है।
पहले भी की गई थी शिकायत
पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने अप्रैल 2026 में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी शिकायत दी थी, लेकिन उस समय कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद अब अलग-अलग तहरीरों के आधार पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। दस्तावेज और लेन-देन के साक्ष्य पुलिस को सौंपे
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को यूपीआई लेन-देन, मोबाइल नंबर और अन्य उपलब्ध दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं। पुलिस अब इन वित्तीय लेन-देन, कॉल डिटेल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी
जॉर्जटाउन थाना प्रभारी रुकुमपाल सिंह ने बताया कि तीनों शिकायतों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और यह भी पता लगा रही है कि कहीं इसी तरह अन्य प्रतियोगी छात्र भी उसके झांसे का शिकार तो नहीं हुए हैं। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)