इस बार सीता बनेंगी मिस यूनिवर्स इंडिया केजिया लिज़ मेजो:अयोध्या की रामलीला में करेंगी भूमिका ,दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में 10 अक्टूबर से
भारतीय संस्कृति और मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की गाथा को विश्व मंच पर पहचान दिलाने वाली विश्वप्रसिद्ध 'अयोध्या की रामलीला' इस वर्ष और भी भव्य और दिव्य रूप में दर्शकों के सामने आने जा रही है। इस वर्ष इस ऐतिहासिक मंचन में मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 केजिया लिज़ मेजो (Kaziah Liz Mejo) माता सीता की आदर्श और प्रेरणादायक भूमिका में नजर आएंगी। यह भव्य आयोजन 10 से 20 अक्टूबर तक दिल्ली के प्रतिष्ठित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के मावलंकर हॉल में किया जाएगा, जहाँ भव्य सेट, अत्याधुनिक तकनीक और विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से त्रेतायुग को जीवंत किया जाएगा। जबकि अयोध्या में इस बार की रामलीला जनवरी में होगी। रामलीला के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुभाष मलिक ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले सात वर्षों से लगातार अयोध्या की पावन धरती पर इस रामलीला का भव्य आयोजन किया जा रहा था, जिसे देश-दुनिया में अपार प्रेम मिला। पिछले वर्ष इस रामलीला को ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से लगभग 62 करोड़ दर्शकों ने देखा था। सितारों से सजेगी अयोध्या की रामलीला संस्थापक एवं अध्यक्ष सुभाष मलिक के अनुसार इस वर्ष की रामलीला में भारतीय फिल्म जगत और भोजपुरी सिनेमा के कई दिग्गज कलाकार विभिन्न पात्रों को जीवंत करेंगे। सांसद एवं प्रसिद्ध अभिनेता रवि किशन प्रभु श्रीराम की भूमिका में, सांसद एवं भोजपुरी फिल्म स्टार मनोज तिवारी विभिन्न भूमिका में, अरुण बख्शी रावण की भूमिका में, बिंदु दारा सिंह कुंभकरण की भूमिका में, अवतार गिल मेघनाद की भूमिका में और पुनीत इस्सर परशुराम की भूमिका में नजर आएंगे। इनके अलावा रज़ा मुराद सहित कई जाने-माने कलाकार अयोध्या की रामलीला में विभिन्न महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। रामलीला के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुभाष मलिक ने कहा, "हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन को भव्य रूप देने की तैयारियां पूरी हैं। इस वर्ष प्रभु श्रीराम दिल्ली आ रहे हैं और दिल्लीवासी इस भव्य आयोजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।" इस भव्य आयोजन के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुभाष मलिक, महासचिव शुभम मलिक और उपाध्यक्ष जतिन मलिक हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)