इशारे और UPI पेमेंट से खुली 14 लाख की लूट:अलीगढ़ के छर्रा में आढ़ती के पल्लेदार की मुखबिरी से दिया बदमाशों ने लूट को अंजाम; छह में तीन गिरफ्तार
गल्ला व्यापारी महेश कुमार से करीब 14 लाख रुपये की लूट की गुत्थी पेट्रोल पंप के सीसीटीवी और शराब ठेके पर हुए UPI पेमेंट से सुलझी। व्यापारी के पल्लेदार अंसार ने पेट्रोल पंप पर खड़े होकर महेश के निकलने का इशारा किया, जिसके बाद पांच बदमाशों ने रास्ते में उसे लूट लिया। वारदात की साजिश में कुल छह लोग शामिल थे। पुलिस ने अंसार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 2.35 लाख रुपये, चांदी के जेवर, दो बाइक और तमंचा-कारतूस बरामद किए हैं। तीन आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
10 अक्टूबर को बांईकलां और बांईखुर्द के बीच हुई लूट का शुक्रवार को एसएसपी नीरज जादौन और एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र ने शुक्रवार को छर्रा थाने में प्रेसवार्ता कर खुलासा किया है। एसएसपी नीरज जादौन के मुताबिक, अंसार करीब ढाई साल से महेश कुमार के यहां पल्लेदारी करता है। उसे व्यापारी के रुपये लेकर मंडी से गांव जाने की जानकारी थी। धान का सीजन होने के कारण उस दिन भी महेश के पास बड़ी रकम होने का अनुमान था। इसी जानकारी को आधार बनाकर वारदात की योजना तैयार की गई।
ऐसे खुली लूट की परतें
-दोस्ती से साजिश तक: पुलिस के मुताबिक, अंसार की दोस्ती आदिल से थी। आदिल ने मैनपुरी निवासी अपराधी पुष्पेंद्र से लूट की योजना पर बात की। पुष्पेंद्र अपने तीन अन्य साथियों के साथ इस योजना में शामिल हुआ। अंसार और आदिल समेत कुल छह लोग साजिश का हिस्सा बने।
-पेट्रोल पंप पर मुखबिरी: घटना वाले दिन अंसार पेट्रोल पंप पर खड़ा रहा। महेश के मंडी से निकलते ही उसने इशारा कर साथियों को पहचान बताई। इसके बाद पांच बदमाश बाइकों से महेश के पीछे निकल गए। अंसार पेट्रोल पंप पर ही रहा।
-दो CCTV कैमरों से मिला सुराग: पेट्रोल पंप के फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां दिखीं। इसके पांच मिनट बाद छर्रा कस्बे में शराब ठेके के पास लगे कैमरे में बाइक सवार वही संदिग्ध युवक नजर आए।
-UPI पेमेंट बना अहम कड़ी: शराब खरीदने के बाद आरोपियों ने UPI से भुगतान किया था। पुलिस ने भुगतान से जुड़ी जानकारी जुटाई और उसे CCTV फुटेज के साथ जोड़कर जांच आगे बढ़ाई। महेश ने भी पेट्रोल पंप पर इशारा करने वाले अंसार की पहचान की।
-मोबाइल लोकेशन से आरोपियों की तलाश: UPI से मिले सुराग और मोबाइल नंबरों की लोकेशन के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच में कुछ की गतिविधियां कन्नौज, मैनपुरी और कानपुर की ओर मिलीं, जबकि कुछ के दिल्ली से पंजाब होते हुए वैष्णो देवी जाने की जानकारी सामने आई।
-लूटी बाइक सिकंदराराऊ में मिली: वारदात के बाद महेश की मोटरसाइकिल हाथरस जिले के सिकंदराराऊ क्षेत्र में लावारिस छोड़ दी गई थी। वहां की पुलिस ने बाइक बरामद कर लावारिस में दाखिल की थी। इस सुराग ने भी जांच में मदद की।
2.35 लाख रुपये और जेवर बरामद
पुलिस ने अनुराग पुत्र मनोज कुमार निवासी उडेलापुर, थाना सौरिख, जिला कन्नौज; अंसार पुत्र एहसान उर्फ मूसा और आदिल उर्फ काका पुत्र रफीक निवासी सतरापुर को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 2.35 लाख रुपये नकद, एक जोड़ी पायजेब, सफेद धातु की चेन, चांदी की तीन अंगूठियां, एक जोड़ी टॉप्स, दो बाइक, तीन मोबाइल, .315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, लूट की रकम का बंटवारा सिकंदराराऊ क्षेत्र में किया गया था। बरामद रकम के अलावा बाकी धनराशि की तलाश की जा रही है। पुष्पेंद्र और उसके दो साथी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। इस खुलासे में एसपी देहात के अलावा सीओ छर्रा गर्वित सिंह, थाना पुलिस व एसओजी टीम शामिल रही है। 250 CCTV खंगाले, 2000 किमी तक दौड़ी पुलिस
लूट का खुलासा करने के लिए पुलिस ने करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आरोपियों की तलाश में टीमें मैनपुरी, कन्नौज और कानपुर से लेकर दिल्ली के रास्ते पंजाब तक पहुंचीं। पुलिस ने करीब 2000 किलोमीटर तक सुराग जुटाए। लगातार जांच के बाद 13 अक्टूबर तक वारदात की कड़ियां काफी हद तक जुड़ गईं। इसी आधार पर आगे कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
मंडी में पल्लेदारों का पंजीकरण, पुलिस चौकी की तैयारी
एसएसपी नीरज जादौन ने गल्ला व्यापार मंडल अध्यक्ष मुकेश गुप्ता, राजीव गुप्ता और अन्य व्यापारियों से मंडी में काम करने वाले पल्लेदारों का पंजीकरण और पुलिस सत्यापन कराने को कहा। इसके लिए प्रारूप तैयार कर उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र को दी गई।
व्यापारियों की मांग पर एसएसपी ने मंडी परिसर में प्रस्तावित पुलिस चौकी के लिए उपलब्ध भवन का निरीक्षण भी किया। उन्होंने चौकी स्थापित करने के लिए जरूरी दस्तावेज पूरे कराने के निर्देश दिए। पुलिस चौकी बनने से मंडी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)