इटावा बस स्टैंड पर मिली दो साल की मासूम को पुलिस ने परिजनों से मिलाया
इटावा इटावा बस स्टैंड पर मंगलवार सुबह लावारिस हालत में मिली करीब दो वर्षीय बालिका को इटावा थाना पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की तत्परता से बच्ची अपने परिवार से मिल सकी। कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर के अनुसार मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि इटावा बस स्टैंड पर एक बालिका लावारिस हालत में मिली है। सूचना पर डीएसपी ओमप्रकाश सरावग के निर्देशन में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लिया और उसके परिजनों की तलाश शुरू की। थानाधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने बालिका की पहचान के लिए प्रयास किए तथा आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी बच्ची के परिजनों तक पहुंचने का प्रयास किया गया। बाद में बालिका की पहचान विनिता बैरवा के रूप में हुई, जो अपने परिजनों से बिछड़ गई थी। पुलिस ने आवश्यक जानकारी और पहचान की पुष्टि के बाद बालिका को उसके पिता धनराज बैरवा और माता पूजा बैरवा निवासी सुमेरपुरा को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया। बच्ची को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एएसआई श्यामलाल, हेड कांस्टेबल बलवंत, महिला कांस्टेबल मनीषा नागर और कांस्टेबल रामबिलास शामिल रहे। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बालिका को सुरक्षित किया और उसके परिजनों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)