इटावा में बेटी की शादी का सामान आग में जला:रामनगर में शार्ट सर्किट से कच्चे कमरे में लगी आग
बकेवर थाना क्षेत्र की मेघुपुर ग्राम पंचायत के रामनगर गांव में शॉर्ट सर्किट से एक घर में आग लग गई। आग कच्चे कमरे से फैलते हुए ऊपर पड़े छप्पर तक पहुंच गई। कुछ ही देर में कपड़े, अनाज और गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया। हादसे में सबसे ज्यादा नुकसान उस परिवार को हुआ, जो बेटी की शादी के लिए धीरे-धीरे सामान जुटा रहा था। देखिए घटना की तस्वीर-- जुलाई में होनी है बेटी की शादी रामनगर निवासी सुनीता अरविंद सिंह ने बताया कि वह घास लेने खेत गई थीं। जब वापस लौटीं तो कच्चे कमरे में आग लगी हुई थी। उनके मुताबिक, कमरे में लगा एलईडी बल्ब अचानक फट गया। इससे कपड़ों में आग लग गई, जो देखते ही देखते पूरे कमरे और छप्पर में फैल गई। परिवार के मुताबिक, जुलाई में बड़ी बेटी शिवानी की शादी होनी है। शादी के लिए परिवार काफी समय से कपड़े और अन्य जरूरी सामान जुटा रहा था। आग में शादी के लिए रखा सामान भी जलकर राख हो गया। अचानक हुए नुकसान से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। लपटें उठीं तो ग्रामीण दौड़े, पानी डालकर बुझाई आग आग की लपटें देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने बाल्टियों और अन्य साधनों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पाया जा सका। इससे आसपास के तीन घरों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। हालांकि तब तक कच्चे कमरे और छप्पर में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। कपड़े, अनाज और गृहस्थी की सामग्री के साथ बेटी की शादी के लिए जुटाया सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। डायल 112 पहुंची, घटना की जानकारी ली आग लगने की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिवार और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। हादसे के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)