पर्स छीनकर भाग रहे युवक की सरे बाजार पिटाई, VIDEO:मुज़फ़्फ़रनगर के नावल्टी चौराहे की घटना, पर्स छीनकर भागने के शक में लोगों ने युवक को पीटा
मुजफ्फरनगर की शहर कोतवाली क्षेत्र के नावल्टी चौराहे पर सोमवार शाम करीब 5 बजे एक महिला और कुछ लोगों ने युवक को पकड़कर पीट दिया। आरोप है कि युवक महिला का पर्स छीनकर भाग रहा था। इसी शक में लोगों ने उसे पकड़ लिया और पिटाई शुरू कर दी। घटना के दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। घटना का वीडियो मंगलवार सुबह करीब 7 बजे से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला युवक को थप्पड़ मारती दिखाई दे रही है, जबकि आसपास मौजूद लोग भी उसकी पिटाई करते नजर आ रहे हैं। बाद में युवक पुलिस की हिरासत में कान पकड़कर महिला से माफी मांगता दिखाई देता है। वीडियो में पिटाई और माफी मांगने के दृश्य लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। पूछताछ में युवक ने बताई पर्स हाथ में उलझने की बात शिव चौक स्थित आबकारी पुलिस चौकी के प्रभारी शशि कपूर ने बताया कि युवक को पकड़कर कोतवाली लाया गया था। मौके पर मौजूद लोगों को शक था कि वह महिला के हाथ से पर्स छीनकर भाग रहा था। हालांकि, पूछताछ में युवक ने बताया कि चलते समय पर्स उसके हाथ में उलझ गया था। न तहरीर मिली, न शिकायतकर्ता थाने पहुंचा चौकी प्रभारी शशि कपूर के मुताबिक, मामले में पुलिस को अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है और न ही कोई शिकायतकर्ता थाने पहुंचा है। जिस महिला का पर्स बताया जा रहा था, वह भी मौके से चली गई थी। ऐसे में पर्स छीनने को लेकर पुलिस के सामने युवक का बयान और मौके पर मौजूद लोगों का शक ही सामने आया है। फिलहाल इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)