इटावा में चलती ट्रेन से गिरकर महिला की मौत:आम्रपाली एक्सप्रेस में गेट पर बैठी थी, नींद आने से नीचे गिरी; 10 किमी दूर मिला शव
इटावा में आम्रपाली एक्सप्रेस में सफर कर रही 30 वर्षीय महिला की चलती ट्रेन से गिरने से मौत हो गई। महिला स्लीपर कोच के गेट के पास बैठी थी। गुरुवार रात करीब 11 बजे नींद का झोंका आने से वह ट्रेन से नीचे गिर गई। हादसे का पता चलते ही पति ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई, लेकिन तब तक ट्रेन करीब 10 किलोमीटर आगे निकल चुकी थी। जीआरपी ने शुक्रवार दोपहर 1 बजे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चंडीगढ़ से समस्तीपुर जा रहे थे समस्तीपुर, बिहार के अख्तियारपुर चंदौली निवासी अशोक गिरी अपनी पत्नी मीना देवी के साथ चंडीगढ़ से आम्रपाली एक्सप्रेस से समस्तीपुर जा रहे थे। दोनों स्लीपर कोच में सफर कर रहे थे। अशोक चंडीगढ़ में शादी और पार्टियों में कैटरिंग का काम करते हैं। मीना भी उनके साथ रहती थीं और दोनों अपने तीन बेटों के साथ परिवार चलाते थे। नींद आने से ट्रेन से गिरी अशोक के अनुसार, रात करीब 11 बजे मीना कोच के गेट के पास बैठी थीं। इसी दौरान उन्हें नींद का झोंका आ गया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गईं। पत्नी के गिरने की जानकारी होने पर अशोक ने तत्काल चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई। इसके बाद वह ट्रेन से उतरकर पत्नी की तलाश में घटनास्थल की ओर गए। दस किलोमीटर दूर मिला शव हादसा जसवंतनगर स्टेशन के बीच पोल संख्या 1173/18 के पास ओवरब्रिज के नजदीक हुआ था। ट्रेन रुकने के बाद तलाश शुरू की गई। करीब 10 किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक के किनारे मीना देवी का शव पड़ा मिला। इसके बाद मामले की सूचना जीआरपी को दी गई। मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तीन बेटों के सिर से उठा साया महिला की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। मीना देवी की मौत से उनके पति और तीन बेटों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की सूचना परिवार के अन्य लोगों को भी दे दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)