अलीगढ़ में डिप्टी सीएम का विपक्ष पर वार:साइकिल एडवांस में पंक्चर, रथ भी जनता पंक्चर करेगी: केशव मौर्य

Sep 25, 2026 - 15:37
0
अलीगढ़ में डिप्टी सीएम का विपक्ष पर वार:साइकिल एडवांस में पंक्चर, रथ भी जनता पंक्चर करेगी: केशव मौर्य
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को अलीगढ़ आगमन पर सपा, कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। 2027 के विधानसभा चुनाव के सियासी माहौल के बीच उन्होंने सपा की साइकिल से लेकर कांग्रेस के पंजे तक पर तंज कसा। कहा कि भाजपा विरोधी दल एक होकर लड़ें या अलग-अलग, कमल खिलेगा। सपा की साइकिल तो एडवांस में ही पंक्चर है और उसका कोई भविष्य नहीं है। विपक्ष रथ पर चल रहा है, लेकिन जनता उस रथ को भी पंक्चर करने वाली है। डीएवी मैदान पर मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए मौर्य ने कहा कि भाजपा जहां एक बार आती है, वहां बार-बार आती है और तीसरी बार भी आती है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों का काम चुनाव लड़ना और राजनीतिक बातें करना है। भाजपा भी राजनीतिक दल के रूप में चुनाव लड़ती है, लेकिन वह आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति के बजाय जनता के बीच मेहनत और सरकार के माध्यम से सेवा करने पर भरोसा करती है। जीत पर भाजपा का ग्राफ गिरा, हार पर EVM खराब-ऐसा क्यों? विपक्ष के चुनावी बयानों पर हमला बोलते हुए मौर्य ने कहा कि जब भाजपा चुनाव जीतती है तो विपक्ष कहता है कि भाजपा की हवा खराब है और उसका ग्राफ गिर गया है। लेकिन जब विपक्ष चुनाव हार जाता है तो EVM खराब होने, चुनाव आयोग पर सवाल उठाने और वोट चोरी के आरोप लगाए जाते हैं। उन्होंने विपक्ष की इस राजनीति पर तंज कसते हुए कहा कि “मीठा-मीठा गप और तीखा-तीखा थू” वाली स्थिति है। मौर्य ने कहा कि जैसे विपक्ष का PDA है, वैसे ही उसकी ओर से लगाए जाने वाले आरोप भी जनता की नजर में बेअसर हैं। उन्होंने विपक्ष के “फर्जी PDA”, नेतृत्व और आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता इन सबको समझ रही है। “कांग्रेस सत्ता वियोग में बेचैन” कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेसी सत्ता वियोग में बेचैन हैं और उन्हें लगता है कि देश की सत्ता पर उनका जन्मसिद्ध अधिकार है। राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें यह बात स्वीकार नहीं होती कि एक गरीब मां-बाप का बेटा देश का प्रधानमंत्री कैसे बन गया। मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला जनता करती है। “जनता जिसको बैठाना चाहेगी, वही बैठेगा।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की जनता का आशीर्वाद प्राप्त है और वह आगे भी प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करेंगे। दिल्ली विश्वविद्यालय चुनाव का भी दिया उदाहरण सीजेपी द्वारा चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर कहा कि उन्हें राजनीति करनी है तो दल बनाएं। उन्हें पीछे से आप व कांग्रेस का सपोर्ट है। उन्होंने जंतर मंतर पर धरना दिया। इसके बाद भी दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां चारों खाने चित पड़ गए और भाजपा के विचारों का समर्थन करने वाले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) को जीत मिली। उन्होंने कहा कि जहां चुनाव होता है, वहां कमल खिलता है। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि सपा वाले सोचते हैं कि साइकिल चल जाए और कांग्रेस वाले सोचते हैं कि पंजा चल जाए, लेकिन भाजपा जनता के बीच मेहनत करेगी और सरकार के माध्यम से सेवा करेगी। “रंग बदलकर छल-कपट करने वालों को यूपी की जनता स्वीकार नहीं करेगी” सपा अध्यक्ष के भगवा प्रेम से जुड़े सवाल पर मौर्य ने हमला बोला। उन्होंने कालनेमि राक्षस की कथा का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव के समय रंग बदलकर जनता को धोखा देने और छल-कपट करने की कोशिश करने वाली राजनीति को उत्तर प्रदेश की जनता अब स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को चुनाव लड़ने का अधिकार है और राजनीतिक बातें करने के लिए राजनीतिक दल मौजूद हैं, लेकिन जनता सब देख रही है। भाजपा जनता के बीच जाकर काम करेगी और सरकार के माध्यम से सेवा का संदेश लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी। “एक होकर लड़ें या अलग-अलग, कमल खिलेगा” मौर्य ने विपक्षी एकजुटता की संभावनाओं पर कहा कि भाजपा के विरोधी चाहे एक होकर चुनाव लड़ें या अलग-अलग मैदान में उतरें, दोनों ही स्थितियों में भाजपा का कमल खिलेगा। उन्होंने विपक्षी नेताओं की बयानबाजी पर भी कटाक्ष किया और कहा कि केवल बयानवीरता से चुनाव नहीं जीते जाते। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल चुनाव जीतने पर भाजपा और मोदी का ग्राफ गिरने का दावा करते हैं और हारने पर EVM, चुनाव आयोग तथा वोट चोरी को जिम्मेदार ठहराते हैं। मौर्य ने इन आरोपों को विपक्ष की राजनीतिक रणनीति बताते हुए कहा कि जनता अब इस तरह की राजनीति को समझ चुकी है। अंत में हरिगढ़ के सवाल व प्रस्ताव पर कहा कि वे हमेशा से हरिगढ़ की मांग करते आए हैं। चुनावी सीजन में अभी कुछ नहीं कहेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User