इटावा में गैस सिलेंडर में आग से 3 लोग झुलसे:दो महिलाओं को बचाने पहुंचे युवक भी चपेट में आए, सैफई रेफर
इटावा में भरथना कस्बे के शुक्लागंज मोहल्ले में शनिवार सुबह करीब आठ बजे एलपीजी गैस सिलेंडर में आग लगने से हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से दो महिलाएं रानी और रश्मि गंभीर रूप से झुलस गईं। वहीं, दोनों महिलाओं को बचाने पहुंचे प्रेम किशोर भी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए सैफई स्थित मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह घर में श्राद्ध का खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए भी खाना तैयार किया जा रहा था। खाना बनाते समय अचानक एलपीजी गैस सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं और घर में मौजूद रानी और रश्मि उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों महिलाओं को आग की चपेट में देखकर प्रेम किशोर उन्हें बचाने पहुंचे, लेकिन वह भी गंभीर रूप से झुलस गए। बताया गया है कि रानी जेठानी हैं, जबकि रश्मि उनकी देवरानी हैं। हादसे के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों के बीच फंसे तीनों लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत की। लोगों ने छत के दूसरे रास्ते से घर के अंदर पहुंचकर तीनों घायलों को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से तीनों गंभीर रूप से झुलसे लोगों को उपचार के लिए सैफई स्थित मेडिकल यूनिवर्सिटी भेजा गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)