इटावा में सड़क हादसा, पिता की मौत और मां-बेटी गंभीर:बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार दंपति को मारी टक्कर, ससुराल से लौट रहे थे
इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे की सर्विस लेन पर मंगलवार सुबह करीब 10 बजे बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार दंपति और उनकी 1 साल की बेटी को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे सुमित कुशवाह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी अनुष्का और बेटी काव्या गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सैफई मिनी पीजीआई रेफर कर दिया गया है। 28 साल का सुमित पुत्र रमेश चंद्र कुशवाह बकेवर थाना क्षेत्र के व्यासपुरा कोठी गांव के रहने वाले थे और मुंबई में काम करते थे। वह अपने साले शिवम की गोदभराई के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुंबई से घर आए हुए थे। इसके बाद रविवार को पत्नी अनुष्का और बेटी काव्या के साथ इटावा शहर के अड्डा मुखिया स्थित अपनी ससुराल पहुंचे थे। सोमवार को परिवार में गोदभराई का कार्यक्रम संपन्न हुआ था। मंगलवार सुबह सुमित पत्नी और बेटी को बाइक पर बैठाकर अपने घर व्यासपुरा कोठी लौट रहे थे। इसी दौरान फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में समृद्धि हॉस्पिटल के पास नेशनल हाईवे पर ट्रक की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुमित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उनकी पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सुमित की बहन ने बताया कि उनका भाई पत्नी और बेटी को लेकर घर लौट रहा था, तभी ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में भाई की मौके पर मौत हो गई, जबकि भाभी और भतीजी की हालत गंभीर है। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि उसकी पत्नी और बच्ची गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे में शामिल ट्रक को पकड़ लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)