65 फुट ऊंचे रावण के पुतले का होगा दहन:रामलीला मैदान में आज जुटेगी भीड़
बहराइच में असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक विजय दशमी पर्व पर मंगलवार शाम करीब सात बजे शहर के झिंगहाघाट स्थित सरयू तट के निकट रामलीला मैदान में रावण दहन किया जाएगा। शाम करीब सात बजे होने वाले रावण दहन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे कारीगर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। शहर के पांडवकालीन सिद्धनाथ मंदिर में शाम करीब चार बजे पूजन-अर्चन के बाद लंकेश अपनी सेना के साथ रामलीला मैदान पहुंचेगा। यहां भगवान श्रीराम और रावण की सेनाओं के बीच भीषण युद्ध का मंचन किया जाएगा। युद्ध के बाद भगवान श्रीराम द्वारा रावण का वध किए जाने के साथ ही 65 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा।
दशहरा महोत्सव में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है। भीड़ को देखते हुए रामलीला समिति की ओर से सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। रावण दहन के बाद होने वाली भव्य आतिशबाजी भी इस बार महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी। अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि विजय दशमी पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पीएसी के साथ स्थानीय पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा ड्रोन के माध्यम से भी पूरे आयोजन क्षेत्र की निगरानी की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)