ITI संस्थानों में पांचवें राउंड का एडमिशन शुरू:15 अक्टूबर तक जमा करें रैंक कार्ड, ऑनलाइन होगा वेरिफिकेशन
यूपी के सरकारी ITI संस्थानों में सत्र 2026-27 की खाली सीटों पर एडमिशन के लिए पांचवें चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभ्यर्थियों को 13 से 15 अक्टूबर तक अपना रैंक कार्ड संबंधित जनपद के राजकीय ITI में जमा करना होगा। चयन प्रक्रिया 16 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी। विशेष सचिव और राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (SCVT) के अधिशासी निदेशक अभिषेक सिंह ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। चौथे चरण के बाद खाली बची सीटों पर एडमिशन के लिए पुराने और नए आवेदकों की मेरिट लिस्ट संबंधित संस्थानों को भेज दी गई है। वेबसाइट से डाउनलोड करें रैंक कार्ड अभ्यर्थी SCVT की वेबसाइट www.scvtup.in पर जाकर पांचवें चरण के लिए रैंक कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट पर दिए गए ‘पंचम चरण के लिए रैंक’ लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद पुराने पंजीकृत या नए आवेदक का विकल्प चुनकर रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। रैंक कार्ड का प्रिंट निकालकर उस पर हस्ताक्षर करने के बाद 13 से 15 अक्टूबर के बीच संबंधित जनपद के किसी भी राजकीय ITI में जमा करना अनिवार्य है। अभ्यर्थी अपने स्थायी या अस्थायी पते से संबंधित जिले के राजकीय ITI की सीटों के लिए आवेदन कर सकते हैं। पहले पुराने अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका सीटों के आवंटन में पहले पूर्व पंजीकृत उन अभ्यर्थियों को मौका दिया जाएगा, जिनका पहले किसी चरण में चयन नहीं हुआ है। इसके बाद बची सीटों पर नए ऑनलाइन आवेदकों की मेरिट के आधार पर ट्रेड आवंटित किए जाएंगे। जिला स्तर पर गठित चयन समिति 16 अक्टूबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करेगी। चयन सूची संस्थान के नोटिस बोर्ड पर लगाई जाएगी। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी। प्रवेश लेने वाले सभी अभ्यर्थियों का डाटा 17 अक्टूबर की रात 12 बजे तक SCVT पोर्टल पर अपलोड और वेरिफाई करना होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)