जागृति विहार एक्सटेंशन में महिलाओं से छेड़छाड़, एक आरोपी पकड़ा:बाइकों पर चक्कर काटते हुए महिलाओं पर कर रहे थे कमेंट, पुलिस मौके पर पहुंची
मेरठ में बुधवार शाम महिलाओं से कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया। आरोप है कि दो-तीन बाइकों पर सवार कुछ युवकों ने वहां घूम रहीं महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। महिलाओं के विरोध और शोर मचाने के बाद युवक वहां से भागने लगे। इसी दौरान एक बाइक बंद हो जाने पर उसके सवार को लोगों ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची मेडिकल थाना पुलिस उसे थाने ले गई। बुधवार शाम जागृति विहार एक्सटेंशन में काफी लोग टहल रहे थे। इनमें महिलाएं भी थीं। इसी दौरान दो-तीन बाइकों पर कुछ युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने महिलाओं की ओर देखकर अभद्र टिप्पणियां कीं। शुरुआत में महिलाओं ने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन कथित तौर पर दोबारा टिप्पणी किए जाने पर उन्होंने विरोध किया और शोर मचा दिया। इसके बाद आरोपी युवक वहां से भागने लगे। महिलाओं और कुछ अन्य लोगों ने उनका पीछा किया। इसी दौरान एक बाइक पेट्रोल खत्म होने के कारण बंद हो गई। बाइक सवार को लोगों ने पकड़ लिया। कुछ देर बाद मेडिकल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी की उम्र 16 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस पूछताछ में चार दोस्तों के नाम बताए
पुलिस पूछताछ में नाबालिग ने कथित अभद्र टिप्पणी करने से इनकार किया। उसका कहना था कि वह अकेला नहीं था और उसके चार दोस्त उसे लेकर वहां आए थे। उसके अनुसार, घटना के बाद उसके दोस्त मौके से भाग गए। पुलिस उसके बताए नामों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने पहले की घटनाओं का भी जिक्र किया
स्थानीय लोगों का कहना है कि जागृति विहार एक्सटेंशन में पहले भी कुछ युवकों द्वारा हंगामा किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले युवकों की टोली द्वारा वाहनों से स्टंट किए जाने की बात भी सामने आई थी, जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया था। हालांकि, इन घटनाओं को लेकर पुलिस की ओर से अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं है। स्ट्रीट लाइटें बंद रहने से परेशानी
स्थानीय लोगों ने इलाके में प्रकाश व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि शाम होते ही एक्सटेंशन के कई हिस्सों में पर्याप्त रोशनी नहीं रहती और कुछ स्ट्रीट लाइटें बंद रहती हैं। इससे शाम के समय यहां आने-जाने वालों को परेशानी होती है। उन्होंने स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त कराने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)