जालौन के 2,521 छात्रों को मिली 56.36 लाख की छात्रवृत्ति:DBT से खातों में पहुंची शुल्क प्रतिपूर्ति की रकम, शिक्षा खर्चों में मिलेगी मदद
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने में आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 में जालौन के 2,521 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि उनके बैंक खातों में भेजी गई। पात्र विद्यार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से कुल 56.36 लाख रुपये की धनराशि अंतरित की गई है। मुख्यमंत्री के छात्रवृत्ति अंतरण कार्यक्रम का जनपद में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी समीर, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी संजय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
इस दौरान विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति अंतरण कार्यक्रम और मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा और सुना। छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे बैंक खातों में पहुंचने से पात्र विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई से जुड़े विभिन्न खर्चों को पूरा करने में आर्थिक मदद मिलेगी। विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन ने कहा कि छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की व्यवस्था आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए शिक्षा जारी रखने में महत्वपूर्ण सहारा है। उन्होंने विद्यार्थियों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर पूरी मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। जिलाधिकारी समीर ने कहा कि पात्र विद्यार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति योजना का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)