जौनपुर में 110 स्थानों पर होगा रावण दहन:शाहगंज में जलेगा 75 फीट का रावण, भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक; डायवर्जन लागू
जौनपुर में बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा मंगलवार को उल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिले भर में 110 स्थानों पर रावण के पुतलों का दहन होगा। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में करीब एक दर्जन स्थानों पर दशहरा मेले का विशेष आयोजन होता है। इन प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन के पास उपलब्ध सूची में रावण दहन के 92-93 पंजीकृत स्थल दर्ज हैं, जबकि जिले में कुल 110 स्थानों पर पुतले जलाए जाते हैं। परंपरा के अनुसार, सूरज ढलने के बाद रावण दहन किया जाएगा। जौनपुर शहर में राजा साहब के पोखरे पर ऐतिहासिक रावण दहन होता है। यहां एक साथ तीन रावण के पुतले जलाए जाएंगे। इनमें एक पुतला राजा जौनपुर, दूसरा पंडित जी रामलीला समिति और तीसरा गोसाई जी रामलीला, उर्दू बाजार की ओर से तैयार कराया जाता है। इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। इसके अलावा सिकरारा के खानापट्टी का रावण दहन मेला भी चर्चित है। वाजिदपुर तिराहा, जेसीज चौराहा, बदलापुर और नौपेड़वा में होने वाला रावण दहन भी खास आकर्षण रहता है। दशहरा और भरत-मिलाप के लिए सुरक्षा व्यवस्था दशहरा, रावण दहन और भरत-मिलाप जैसे कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के इंतजाम किए हैं। सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि सभी आयोजनों के दौरान प्रभावी पुलिस प्रबंध किए जाएंगे। यातायात, शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। 19 से 21 अक्टूबर तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के कारण जौनपुर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। भीड़ और जाम से बचने के लिए रूट डायवर्जन लागू रहेगा। 19 अक्टूबर की रात 12 बजे तक सभी नो-एंट्री पॉइंट पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। 20 अक्टूबर सुबह 8 बजे से 21 अक्टूबर रात 11 बजे तक शहर में भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। गैस, डीजल, पेट्रोल और मेडिकल से जुड़े वाहनों को छूट दी जाएगी। ऑटो, टोटो और चार पहिया वाहनों के रूट भी बदले जाएंगे। इनके लिए डायवर्जन 20 अक्टूबर दोपहर 2 बजे से 21 अक्टूबर रात 11 बजे तक लागू रहेगा। प्रशासन ने दशहरा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)