जिला पंचायत की जमीन पर चला बुलडोजर:दुकानदार ने निजी जमीन और कोर्ट के आदेश का उल्लंघन बताया, लगाए गंभीर आरोप
महोबा में जिला पंचायत की जमीन से अवैध कब्जा हटाने के लिए प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की है। पुराने प्राइवेट बस स्टैंड के पास हुई इस कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हुआ। दुकानदार शरीफ अली ने इसे निजी जमीन और कोर्ट के आदेश का उल्लंघन बताया, जबकि अपर मुख्य अधिकारी ने शासन के निर्देश पर अवैध कब्जा हटाने की बात कही। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया है। महोबा शहर के पुराने प्राइवेट बस स्टैंड के पास जिला पंचायत की जमीनों पर हुए अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने बुलडोजर का शिकंजा कसा है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी सुजीत कुमार ने यह कार्रवाई की है। इस दौरान मौके पर मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार और भारी पुलिस बल मौजूद रहा। कार्रवाई के दौरान तीखा विरोध भी देखने को मिला। दुकानदार शरीफ अली ने आरोप लगाया कि जिस जमीन पर बुलडोजर चलाया गया, वह उसकी अपनी निजी जमीन है और वह जिला पंचायत के साथ चल रहा मुकदमा भी जीत चुका है। शरीफ अली का कहना है कि उसने अधिकारियों को कोर्ट का आदेश भी दिखाया, लेकिन उन्होंने उसे नजरअंदाज कर दिया। दुकानदार ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि पैसे न देने के कारण उसकी दुकानों को निशाना बनाया गया है। दूसरी ओर जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि यह पूरी कार्रवाई पूरी तरह वैध है। उन्होंने बताया कि सरकारी जमीनों से कब्जा हटाने के लिए जिला प्रशासन को तीन बार पत्र लिखा गया था, जिसके बाद एसडीएम सदर द्वारा नियुक्त मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में यह अभियान चलाया गया। अधिकारियों का कहना है कि महोबा में सरकारी जमीन पर कब्जा करने वाले भूमाफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में माधव खरे द्वारा किए गए जबकि के अलावा चरखारी तहसील और अन्य चिन्हित जगहों पर भी जिला पंचायत की जमीनों को खाली कराने के लिए बुलडोजर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। शासन की मंशा के अनुरूप सरकारी संपत्तियों को कब्जा मुक्त कराने का यह अभियान आगे भी सख्ती से चलाया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)