जमीन का बैनामा कराने आए व्यक्ति की मौत:कानपुर देहात में रसूलाबाद तहसील में उप निबंधन कार्यालय के दरवाजे पर गिर पड़ा

Oct 13, 2026 - 18:46
0
जमीन का बैनामा कराने आए व्यक्ति की मौत:कानपुर देहात में रसूलाबाद तहसील में उप निबंधन कार्यालय के दरवाजे पर गिर पड़ा
कानपुर देहात के रसूलाबाद तहसील में मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे जमीन का बैनामा कराने आए 35 वर्षीय रामू गुप्ता की अचानक मौत हो गई। वह उप निबंधन कार्यालय के दरवाजे पर पहुंचे थे, तभी उनकी जान चली गई। घटना के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के मुताबिक, रतनपुर मजरा सिंगरन निवादा निवासी रामू गुप्ता पुत्र श्रीराम गुप्ता मंगलवार को अपनी तीन बिस्वा जमीन का बैनामा करने तहसील पहुंचे थे। उनके साथ गांव के ही हरिनारायण पुत्र शिवपाल सिंह भी थे। जमीन की खरीद-फरोख्त के संबंध में स्टांप पर लिखापढ़ी होने के बाद दोनों उप निबंधन कार्यालय पहुंचे। इसी दौरान कार्यालय के दरवाजे पर रामू की अचानक मौत हो गई। जमीन की कीमत और भुगतान पर अलग-अलग दावे खरीदार हरिनारायण ने रामू की पत्नी खुशबू को घटना की जानकारी दी। पति की मौत की खबर सुनकर खुशबू रोती-बिलखती तहसील पहुंचीं। उन्होंने बताया कि रामू तीन बिस्वा जमीन पांच लाख रुपये में बेचने आए थे, लेकिन उन्हें रुपये नहीं मिले थे। वहीं, खरीदार हरिनारायण ने जमीन का सौदा सात लाख रुपये प्रति बीघा की दर से तय होने और एक लाख रुपये की रकम का जिक्र किया। जमीन की कीमत और भुगतान को लेकर दोनों पक्षों के बयानों में अंतर सामने आया है। टीबी से पीड़ित थे रामू रामू की चचेरी बहन बेबी गुप्ता ने बताया कि वह टीबी से पीड़ित थे और शराब पीने के भी आदी थे। रामू के परिवार में 14 साल की बेटी पलक और 12 साल का बेटा विकल्प है। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह के मुताबिक, शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User