जनगणना की तैयारी शुरू, 40 बिंदुओं की जानकारी दर्ज होगी:5 हजार कर्मी घर-घर जाकर लेंगे जानकारी, 1 दिसंबर से चलेगा अभियान
जनगणना-2027 को लेकर बांदा में प्रशासन ने जमीन पर तैयारी शुरू कर दी है। अब जनगणना का अमला जिले के गांवों और शहर के वार्डों में घर-घर दस्तक देगा। परिवार में कितने लोग रहते हैं, इससे लेकर 40 बिंदुओं की जानकारी दर्ज की जाएगी। इसके लिए बुधवार से फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। जिला सूचना अधिकारी ने यह जानकारी बुधवार 4:13 पर दी है जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनर्स को बताया गया कि जनगणना के दूसरे चरण में कोई भी परिवार और व्यक्ति गणना से छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए प्रगणक अपने निर्धारित क्षेत्र में घर-घर जाकर परिवार के प्रत्येक सदस्य की जानकारी दर्ज करेंगे। 1 दिसंबर से घर-घर होगा अभियान जनगणना के दूसरे चरण के तहत 16 से 30 नवंबर तक लोगों को स्व-गणना की सुविधा मिलेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक और सुपरवाइजर घर-घर पहुंचकर जनसंख्या गणना का काम करेंगे। इस दौरान परिवार के प्रत्येक सदस्य से जुड़ी 40 बिंदुओं की जानकारी दर्ज की जाएगी। प्रशासन ने जनगणना में जिले के सभी लोगों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि गणना के दौरान सही जानकारी उपलब्ध कराना भी उतना ही जरूरी है, जितना किसी व्यक्ति का गणना में शामिल होना। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) धर्मेंद्र कुमार ने फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने फील्ड में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा करते हुए समय से काम पूरा कराने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने फील्ड ट्रेनर्स को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना के दूसरे चरण में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। जिले में करीब 5 हजार कार्मिकों को प्रशिक्षण देकर फील्ड में लगाया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला प्रभारी शैलेश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)