जनकपुरी महोत्सव में अव्यवस्था, पासधारकों की भी मुश्किल से एंट्री:स्टॉल्स संचालक हो रहे परेशान, बोले-लॉस हो रहा, कई स्टॉल्स रह गई खाली
आगरा के जनकपुरी महोत्सव में जनक महल की भव्यता और श्रीराम के दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। महोत्सव में लोग झूले, फूड स्टॉल, कपड़ों और अलग-अलग सामान की शॉपिंग का भी आनंद ले रहे हैं। इसके बीच अव्यवस्थाएं लोगों और स्टॉल संचालकों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। एक ही गेट से एंट्री होने के कारण पासधारकों को भी मुश्किल से प्रवेश मिल रहा है। भीड़ अधिक होने से गेट पर धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन रही है। महोत्सव में शॉपिंग के लिए तीन जगह स्टॉल स्पॉट और झूलों के लिए दो जगह स्पॉट बनाए गए हैं। इन जगहों पर कपड़ों, खाने-पीने और अन्य सामान के स्टॉल लगाए गए हैं। हालांकि, ज्यादातर स्टॉल अब तक खाली पड़े हैं। स्टॉल देने वाले मयंक ने बताया कि यहां स्टॉल 5 हजार रुपए से शुरू हैं। इसके बदले स्टॉल संचालकों को एक लाइट और दो टेबल दी गई हैं। इसके बावजूद तीनों स्टॉल क्षेत्रों में कई जगह दुकानें खाली हैं। एक फूड स्टॉल संचालक हिमांशु कुलश्रेष्ठ का कहना है कि ग्राहकों के लिए इन स्टॉल क्षेत्रों तक पहुंचने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। एक स्टॉल संचालक ने बताया कि उन्होंने 25 हजार रुपए में स्टॉल लिया है, लेकिन अव्यवस्थाओं के कारण खर्च निकालना भी मुश्किल हो रहा है। उनके मुताबिक, यहां ग्राहकों के आने के लिए कोई ढंग का एंट्री गेट नहीं बनाया गया है। जमीन पर मैट भी नहीं बिछाई गई है। धूल उड़ने और रास्ते की व्यवस्था ठीक नहीं होने से ग्राहक स्टॉल तक नहीं पहुंच रहे हैं। इससे बिक्री प्रभावित हो रही है और उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है।
स्टॉल संचालक ने बताया कि वह पहली बार जनकपुरी महोत्सव में स्टॉल लगा रहे हैं, लेकिन पहला अनुभव ही खराब रहा है। उनका कहना है कि यदि स्टॉल क्षेत्र में आने-जाने के लिए उचित रास्ता और प्रवेश की व्यवस्था होती तो ग्राहकों की संख्या बढ़ सकती थी। दूसरी ओर, महोत्सव में पहुंच रहे लोगों का कहना है कि जनक महल और आयोजन की भव्यता देखने के लिए भीड़ लगातार बढ़ रही है, ऐसे में प्रवेश व्यवस्था को और बेहतर किए जाने की जरूरत है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)