जनकपुरी महोत्सव में पुलिस पर अभद्रता का आरोप:पास होने के बावजूद रामलीला महामंत्री की गाड़ी रोकी, पार्कींग में भी चल रही अवैध वसूली

Oct 09, 2026 - 12:13
0
जनकपुरी महोत्सव में पुलिस पर अभद्रता का आरोप:पास होने के बावजूद रामलीला महामंत्री की गाड़ी रोकी, पार्कींग में भी चल रही अवैध वसूली
जनकपुरी महोत्सव में पुलिस व्यवस्था को लेकर विवाद सामने आया है। रामलीला कमेटी की महामंत्री ने आरोप लगाया कि डीसीपी की मोहर वाला वाहन पास होने के बावजूद उनकी गाड़ी को महोत्सव स्थल के अंदर नहीं जाने दिया गया। उन्होंने पुलिस पर अभद्रता करने और जनता को परेशान करने का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। वहीं, महोत्सव की पार्किंग में 150 रुपए प्रति वाहन की पर्ची काटे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पार्किंग संचालक कथित तौर पर जनकपुरी कमेटी के स्वागत अध्यक्ष अरविंद शर्मा का संरक्षण होने की बात कहता नजर आ रहा है। पिता ने आगरा में शुरू कराया था रामलीला आयोजन, महामंत्री की गाड़ी रोकी रामलीला कमेटी की महामंत्री ने कहा कि उनके पिता ने ही आगरा में रामलीला आयोजन की शुरुआत की थी। इसके बावजूद आज उन्हें वाहन पास होने पर भी जनकपुरी महोत्सव स्थल के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि उनकी गाड़ी पर डीसीपी की मोहर लगा पास था, फिर भी पुलिस ने उन्हें रोक दिया। महामंत्री के मुताबिक, जिस मार्ग पर उनकी गाड़ी रोकी गई, वहां वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध बताया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद लगातार वाहन निकल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके सामने ही प्रतिबंधित मार्ग से करीब 20 ट्रक निकल गए, लेकिन पास होने के बावजूद उनकी गाड़ी को अंदर नहीं जाने दिया गया। महामंत्री ने पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए अभद्रता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस की व्यवस्था बहुत खराब है और जनता को परेशान किया जा रहा है। उनका कहना था कि जब मार्ग पर प्रतिबंध लागू है, तो उसका पालन सभी वाहनों के लिए समान रूप से होना चाहिए। महामंत्री ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की जांच कराई जाए और व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। पार्किंग में 150 रुपए प्रति वाहन की पर्ची का वीडियो वायरल दूसरी ओर, जनकपुरी महोत्सव की पार्किंग से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति 150 रुपए की पार्किंग पर्ची काटे जाने का दावा करता दिखाई दे रहा है। वह पर्ची की तस्वीर भी कैमरे पर दिखाता है। वीडियो में पार्किंग पर्ची काटने वाला व्यक्ति कथित तौर पर कमेटी के स्वागत अध्यक्ष अरविंद शर्मा के कहने पर पर्ची काटने की बात कहता नजर आ रहा है। वीडियो में पैसे देने वाला व्यक्ति भी पार्किंग में पर्ची काटे जाने की बात कहता दिखाई देता है। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों, पार्किंग शुल्क की वैधता और अरविंद शर्मा के कथित संरक्षण के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User