कैबिनेट मंत्री अपने लोगों को न्याय नहीं दिला पाए:इसलिए समाजवादियों के साथ धरने पर बैठे; बलिया में विधायक जयप्रकाश अंचल का बयान
बलिया के बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल ने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के बयान पर पलटवार किया है। राजभर ने कहा था कि सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव गुंडागर्दी और अपराध को बढ़ावा देने के लिए अखिलेश रथ यात्रा निकाल रहे हैं। बलिया के पीडब्ल्यूडी डाक बंगले में विधायक अंचल ने कहा कि उनके नेता अखिलेश यादव ने संकल्प लिया है कि वे जन-जन को जगाएंगे, भारतीय जनता पार्टी को हटाएंगे और पीडीए के नेतृत्व में सरकार बनाएंगे। अंचल ने कहा कि विनोद निषाद की हत्या हुई थी। इसी सरकार के एक कैबिनेट मंत्री अपने लोगों को न्याय नहीं दिला पाए, तो वे समाजवादियों के साथ धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार को इस्तीफा देना चाहिए। विधायक अंचल ने सवाल उठाया कि अगर कैबिनेट मंत्री को अपनी सरकार पर भरोसा होता कि उनके लोगों को न्याय मिलेगा, तो वे धरने पर क्यों बैठते। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरा प्रदेश भ्रष्टाचार से तंग आ चुका है और जनता बदलाव के मूड में है। उन्होंने किसानों की समस्याओं का भी जिक्र किया। अंचल ने कहा कि किसान खाद, बीज आदि के लिए परेशान हैं और अपना अनाज औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर हैं। उन्होंने सरकार के आय दोगुनी करने के वादे पर सवाल उठाया, क्योंकि खाद, बीज, सिंचाई, कटाई और लेबर चार्ज महंगा हो गया है, जबकि फसल का रेट मामूली बढ़ा है। अंचल ने आगे कहा कि अस्पतालों में दवाएं नहीं हैं और सरकारी अस्पताल सिर्फ रेफर सेंटर बनकर रह गए हैं। उन्होंने बेरोजगारी पर चिंता जताते हुए कहा कि पांच सौ पदों के लिए पांच लाख से ज्यादा आवेदन आते हैं। मास्टर डिग्री धारक युवा भी चपरासी या बाबू के पदों के लिए फॉर्म भर रहे हैं, क्योंकि उन्हें बस सरकारी नौकरी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस परेशानी के चलते कई नौजवान खुदकुशी कर रहे हैं। और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)