काजल निषाद के WhatsApp से मांगे 48 हजार:मैसेज में लिखा- UPI काम नहीं कर रहा, 2 घंटे में लौटा दूंगा; बोलीं- अकाउंट हैक हुआ
समाजवादी पार्टी की नेता काजल निषाद के व्हाट्सऐप नंबर से लोगों को मैसेज भेजकर पैसे मांगने का मामला सामने आया है। मैसेज में लोगों से 48 हजार रुपए की मांग की गई। साथ ही कहा गया कि तत्काल पैसों की जरूरत है और यूपीआई काम नहीं कर रहा है। बताया जा रहा है कि कई लोगों के पास एक ही समय पर इस तरह के मैसेज पहुंचे। मैसेज भेजने वाले ने खुद को मोहम्मद गुलजार बताया और पैसे भेजने के लिए अपना गूगल पे नंबर भी दिया। मैसेज में लिखा- तत्काल पैसे की जरूरत लोगों को भेजे गए मैसेज में लिखा गया कि तत्काल पैसे की जरूरत है। मैसेज में यह भी कहा गया कि यूपीआई काम नहीं कर रहा है और पैसे 2 घंटे में वापस कर दिए जाएंगे। एक साथ कई लोगों के पास मैसेज पहुंचने के बाद लोगों को शक हुआ। इसके बाद कुछ लोगों ने काजल निषाद से संपर्क कर मामले की जानकारी दी। काजल निषाद बोलीं- किसी को पैसे न दें मामले को लेकर दैनिक भास्कर ने काजल निषाद से बात की। उन्होंने बताया कि उन्हें भी इस मामले की जानकारी मिली है। उनका कहना है कि किसी ने उनके व्हाट्सऐप अकाउंट को हैक कर लिया है। काजल निषाद ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि उनके नाम से अगर किसी के पास पैसे मांगने का मैसेज आए तो किसी भी स्थिति में पैसे न दें। उन्होंने कहा कि उनकी तरफ से किसी से पैसे की मांग नहीं की गई है। उन्होंने लोगों से ऐसे किसी भी मैसेज के झांसे में नहीं आने की अपील की है। पुलिस में शिकायत करेंगी काजल निषाद काजल निषाद ने बताया कि वह इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत करने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उनके नाम और व्हाट्सऐप नंबर का इस्तेमाल कर लोगों से पैसे मांगने की कोशिश की गई है। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि कितने लोगों को इस तरह के मैसेज भेजे गए और किसी व्यक्ति ने पैसे ट्रांसफर किए हैं या नहीं। पुलिस शिकायत के बाद मामले की जांच में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)