काकोरी में कारोबारी पर हमला करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार:ऑफिस जाते समय किया था हमला, तीनों का पहले से आपराधिक इतिहास

Oct 19, 2026 - 20:12
0
काकोरी में कारोबारी पर हमला करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार:ऑफिस जाते समय किया था हमला, तीनों का पहले से आपराधिक इतिहास
लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में कारोबारी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान तरुण कश्यप, ललित और विष्णु के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए तीन स्टंप भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों को सोमवार रात करीब 10:10 बजे वलीनगर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। मामले में नामजद अन्य आरोपियों के खिलाफ विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है। पहले से घात लगाकर बैठे थे आरोपी पुलिस के अनुसार, किला मैदान निवासी मोहम्मद इमरान मंसूरी 12 अक्टूबर को सागर ताला स्थित अपने घर से क्रेटा कार से दुबग्गा स्थित कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान गोला कुआं वाली सड़क पर पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में इमरान को गंभीर चोटें आई थीं। पीड़ित की तहरीर के आधार पर काकोरी थाने में आमिर, सुब्रत उर्फ आकाश यादव, सलमान, उबैद और अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर पकड़ा घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो टीमों का गठन किया था। सर्विलांस टीम पश्चिमी जोन की मदद से घटनास्थल के आसपास की जानकारी, चश्मदीदों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की गई। विवेचना के दौरान तरुण कश्यप (19), ललित (20) और विष्णु (19) के नाम सामने आए। इसके बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़ित से आरोपियों की शिनाख्त भी कराई। मारपीट समेत कई धाराओं में केस दर्ज पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी ललित के खिलाफ आशियाना, पारा, काकोरी और मलिहाबाद थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। तरुण कश्यप के खिलाफ तालकटोरा और कृष्णानगर थानों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है। वहीं, विष्णु के खिलाफ काकोरी थाने में मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User