काम के पैसे मांगने पहुंचे हलवाई पिता-पुत्र को दौड़ाकर पीटा:मुजफ्फरनगर में बुकिंग हुई थी रद्द, भुगतान को लेकर हुआ विवाद
मुजफ्फरनगर में कार्यक्रम की बुकिंग के पैसे मांगने पहुंचे हलवाई कारीगर पिता-पुत्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के मुबारिकपुर गांव में दोनों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का आरोप है। घटना का वीडियो शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में पिता-पुत्र भागते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान पीड़ित पक्ष ने आरोपियों की गतिविधियों का वीडियो भी बना लिया। मामला एक कार्यक्रम में हलवाई का काम करने की बुकिंग से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि गांव के एक परिवार ने हलवाई कारीगर पिता-पुत्र को कार्यक्रम के लिए बुक किया था। बाद में जब दोनों गुरुवार शाम अपने काम के पैसे मांगने पहुंचे तो विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। दोनों ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, विवाद के दौरान क्या-क्या हुआ और मारपीट में कौन-कौन शामिल था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। सीओ खतौली रूपाली रॉय चौधरी ने बताया कि हलवाई कारीगर पिता-पुत्र को पहले कार्यक्रम के लिए तय किया गया था, लेकिन बाद में किसी दूसरे व्यक्ति को काम दे दिया गया। इसके बाद दोनों अपनी शिकायत लेकर संबंधित परिवार के घर पहुंचे, जहां उनके बीच बहस हुई और उन्हें दौड़ा दिया गया। सीओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)