कांग्रेस सांसद पर छात्राओं के यौन उत्पीड़न का आरोप:मथुरा में कार्रवाई की मांग, जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा
मथुरा में महिला सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा महिला प्रकोष्ठ ने कांग्रेस सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। सोमवार को महानगर अध्यक्ष पूजा चौधरी के नेतृत्व में दर्जनों महिला पदाधिकारी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर विरोध जताया और संबंधित सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महिला पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और छात्राओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। महानगर अध्यक्ष पूजा चौधरी ने आरोप लगाया कि सांसद अंगोमचा बिमोल के खिलाफ जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की 11 छात्राओं ने शिकायत की है। उन्होंने दावा किया कि मामले की जांच समिति में भी आरोपों से जुड़े तथ्य सही पाए गए हैं। महिला नेताओं ने मांग की कि मामले में पॉक्सो अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए और संबंधित सांसद को पद से हटाया जाए। कांग्रेस महिलाओं के अधिकारों की पक्षधर है पूजा चौधरी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की बात करने वाले विपक्षी नेताओं को इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कांग्रेस महिलाओं के अधिकारों की पक्षधर है, तो उसे इस मामले में भी खुलकर सामने आना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं की ओर से शिकायत किए जाने और जांच में आरोपों की पुष्टि होने की बात सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। महिला नेताओं ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों से महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई जरूरी है। नवरात्रि का उल्लेख करते हुए पूजा चौधरी ने कहा कि माता रानी संबंधित नेताओं को सद्बुद्धि दें, ताकि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में उचित कदम उठाए जा सकें। महिला प्रकोष्ठ ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)