ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे गांवों के बीच से नहीं निकलने देंगे किसान:एक्सप्रेस-वे को बाईपास से निकालने की मांग, भाकियू टिकैत ने की महापंचायत

Oct 12, 2026 - 17:48
0
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे गांवों के बीच से नहीं निकलने देंगे किसान:एक्सप्रेस-वे को बाईपास से निकालने की मांग, भाकियू टिकैत ने की महापंचायत
संभल के केला देवी थाना क्षेत्र के खिरनी में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं ने किसान महापंचायत की। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चली महापंचायत में मुरादाबाद-अलीगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के सर्वे और भूमि अधिग्रहण को लेकर नाराजगी जताई गई। किसानों ने जिलाधिकारी के नाम चार सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार धीरेन्द्र सिंह को सौंपकर मांगें पूरी करने की अपील की। भाकियू टिकैत के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि एक्सप्रेस-वे के लिए किए गए सर्वे में मार्ग गांवों के बीच से निकाला जा रहा है। इससे मकानों और जमीन के स्वामित्व को लेकर विवाद की आशंका है। उन्होंने कहा कि कई मकानों के अभिलेख स्पष्ट नहीं हैं। ऐसे में जमीन किसी व्यक्ति के नाम होने और मकान किसी दूसरे का होने की स्थिति में ग्रामीणों को परेशानी हो सकती है। उन्होंने मांग की कि एक्सप्रेस-वे को गांवों के बीच से निकालने के बजाय बाईपास के रूप में बनाया जाए। साथ ही कहा कि वर्ष 2016 से भूमि का सर्किल रेट नहीं बढ़ाया गया है, जबकि अब 2026 चल रहा है। किसानों को उचित मुआवजा देने के लिए सर्किल रेट में 200 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की जाए। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक किसान अपनी जमीन का बैनामा नहीं कराएंगे। बिजेंद्र सिंह यादव ने चेतावनी दी कि किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने शासन-प्रशासन से सर्वे की योजना पर पुनर्विचार करने और किसानों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की। महापंचायत में मोहम्मद हनीफ, डॉ. सुरेंद्र सिंह यादव, मुर्शिद खान, मानपाल सिंह यादव समेत बड़ी संख्या में किसान, कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User