कान्हा की नगरी में निकली राम बारात:नगर वासियों ने किया जगह जगह स्वागत, प्रभु श्री राम के जयकारों से गूंजी मथुरा नगरी
कान्हा की नगरी में प्रभु राम माता जानकी को ब्याहने निकले तो मथुरा वासी उनकी भव्य बारात देखते ही रह गए। रविवार देर शाम निकली राम बारात का नगर वासियों ने जगह जगह स्वागत किया और घोड़ों पर बैठे चारों भाइयों की आरती की। भगवान राम की बारात शहर के जिस रास्ते से निकली वह रास्ता दुल्हन की तरह सजा नजर आया। प्रभु श्री राम की बारात में अलग अलग शहरों से आई झांकियों और बैंड की धुनों ने भक्तों का मन मोह लिया। बाटी वाली कुंज से शुरू हुई राम बारात श्री रामलीला सभा के तत्वावधान में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की बारात में 90 से ज्यादा झांकियां निकली। बैण्ड बाजों की सुमधुर स्वर लहरियों के साथ बाटी वाली कुंज स्थित बृजधाम सेवा समिति के संयोजकत्व में जनमासे से राम बारात ने प्रस्थान किया। यहां भक्तों ने चारों भाइयों का पूजन किया और आरती की। यहां से राम, भरत ,लक्ष्मण और शत्रुघ्न चारों भाई घोड़ों पर विराजमान हुए तो माहौल भगवान श्री राम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इन रास्तों से होते हुए निकली बारात राम बारात चौक बाजार में स्व किशन चन्द शर्मा चैरिटेबिल ट्रस्ट के तत्वावधान में पं मनोज शर्मा व पं बादल शर्मा के संयोजकत्व में बनी अवधपुरी पहुंची । वहा स्वागत सत्कार के उपरांत स्वामी घाट, छत्ता बाजार, होली गेट होती हुयी कोतवाली रोड, भरतपुर गेट स्थित जनकपुरी पहुॅची। जनकपुरी पहुंचने पर तिलकद्वार अग्रवाल धर्मशाला के संयोजकत्व में जनकपुरी समिति एवं सर्व समाज के द्वारा मुनि वशिष्ठ, विश्वामित्र व राजा दशरथ एवं बारतियों का मिलनी कर स्वागत किया गया। राम बारात में मां काली का स्वरूप खेलता दिखा तो शिव के गण के रूप में सजे कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे थे। बारात में मां दुर्गा,हनुमान जी,मेंहदीपुर बालाजी, अर्जुन का रथ,आदि योगी,महाकालेश्वर और जगन्नाथ जी की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। जयघोष से गूंजी मथुरा नगरी रामबारात का मार्ग में अनेक स्थानों पर आरती व पुष्प वर्षा, आरती कर नगरवासियों द्वारा भव्य स्वागत सत्कार किया गया । राम बारात में राजा रामचन्द्र के जयघोषों से कृष्ण नगरी राम के रंग में रंगी नजर आयी। भगवान श्रीकृष्ण की नगरी में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत दृश्य देखने को मिला बरात के दर्शन के लिए मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही और पूरा वातावरण जय श्रीराम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। भक्तों में दिखा उत्साह श्रीराम बरात गुड़ाई बाजार स्थित हनुमान टीला मार्केट पहुंची, तो श्री भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति की ओर से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित राम गोपाल शर्मा के निर्देशन में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में उद्योगपति आयुष शर्मा तथा समाजसेवी स्वास्तिक शर्मा के नेतृत्व में उपस्थित लोगों ने भगवान श्रीराम सहित बरात में शामिल सभी स्वरूपों का पुष्प अर्पित कर स्वागत किया। स्वागत समारोह में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण जी, हनुमान जी, भरत जी और शत्रुघ्न जी के स्वरूपों की विधिवत आरती उतारी गई। समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पुष्प अर्पित कर प्रभु के स्वरूपों के प्रति श्रद्धा निवेदित की। जैसे ही जय श्रीराम के जयघोष गूंजे, गुड़ाई बाजार का वातावरण भक्तिमय हो उठा। बरात में शामिल श्रद्धालुओं और श्री रामलीला सभा के पदाधिकारियों का भी स्वागत-सम्मान किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)