कानपुर देहात में ज्वार, बाजरा और मक्का की खरीद शुरू:43 केंद्र तैयार, बिचौलियों पर रहेगी नजर, किसान कराएं पंजीकरण
कानपुर देहात में खरीफ की फसल खरीदने के लिए खाद्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले भर में ज्वार, बाजरा और मक्का की खरीद के लिए कुल 43 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। केंद्रों पर प्रभारी तैनात कर दिए गए हैं और किसानों की सुविधा के लिए बैठने व पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। हालांकि, फिलहाल किसान फसल की कटाई में जुटे हैं और अनाज में नमी होने के कारण खरीद केंद्रों पर आवक बढ़ने का इंतजार है। जिले की पुखरायां मंडी में बाजरा के छह, मक्का के दो और ज्वार के छह क्रय केंद्र बनाए गए हैं। वहीं, रूरा में बाजरा के चार, मक्का के दो और ज्वार के चार केंद्र निर्धारित किए गए हैं। झींझक में बाजरा के चार, मक्का के दो और ज्वार के दो केंद्र बनाए गए हैं। रसूलाबाद समेत जिले के अन्य क्षेत्रों में भी तीनों फसलों की खरीद के लिए केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिला खाद्य विपणन अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि किसान खाद्य एवं रसद विभाग की आधिकारिक वेबसाइट fcs.up.gov.in पर पंजीकरण कराकर अपनी उपज किसी भी निर्धारित क्रय केंद्र पर बेच सकते हैं। एक अक्टूबर से पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। किसानों को सलाह दी जा रही है कि फसल काटने के बाद अनाज को अच्छी तरह सुखाकर केंद्र पर लाएं, ताकि नमी के कारण खरीद में परेशानी न हो। विभाग के मुताबिक, सभी केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं। केंद्र प्रभारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि क्रय केंद्रों पर बिचौलियों की गतिविधियां न होने पाएं और किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की असुविधा न हो। अब निगाह इस बात पर रहेगी कि खरीद शुरू होने के बाद किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य और समय पर भुगतान मिल पाता है या नहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)