कानपुर देहात में मिशन शक्ति 6.0 का आगाज:एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ की अगुवाई में अधिकारी, छात्राएं और महिला पुलिस सड़कों पर उतरीं
शारदीय नवरात्रि के पहले दिन कानपुर देहात में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश देने के लिए पुलिस-प्रशासन ने पैदल मार्च निकाला। रविवार शाम साढ़े पांच बजे अकबरपुर में मिशन शक्ति अभियान के तहत निकाले गए इस मार्च की अगुवाई कानपुर जोन की एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने की। मार्च में डीआईजी यमुना प्रसाद, जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे समेत कई अधिकारी शामिल हुए। अकबरपुर के बाजार क्षेत्र में निकले पैदल मार्च में विधान परिषद सदस्य अविनाश सिंह चौहान के साथ विद्यालयों की छात्राओं, आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और महिला पुलिसकर्मियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। मार्च के जरिए महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सशक्तीकरण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान महिलाओं को किसी भी तरह की हिंसा या उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने और जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों से मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बालिकाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया गया।
एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं को जागरूक करने और उनके भीतर सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने की पहल की जा रही है। पैदल मार्च के जरिए समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने महिला सुरक्षा को शासन-प्रशासन के साथ समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ उन्हें जागरूक, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)