कानपुर देहात में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका:17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप, 18 साल के युवा बूथ पर करें आवेदन
कानपुर देहात में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे लोगों के लिए राहत की खबर है। जिले में 17 और 24 अक्टूबर को विशेष मतदाता पंजीकरण कैम्प आयोजित किए जाएंगे। इन कैम्पों के जरिए 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवा और निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिक अपना पंजीकरण करा सकेंगे। जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के तहत ये कैम्प लगाए जा रहे हैं। जिन नागरिकों की उम्र 18 साल पूरी हो चुकी है या जिनका नाम 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं है, वे निर्धारित तारीखों पर अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं। कैम्प में आवेदन करने के लिए नागरिकों को अपनी नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां साथ लानी होंगी। इसके अलावा, परिवार के किसी सदस्य के मतदाता फोटो पहचान पत्र यानी ईपीआईसी नंबर की जानकारी उपलब्ध होने पर उसे भी साथ रखने की सलाह दी गई है। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए संबंधित बूथ लेवल अधिकारी यानी बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6 प्राप्त कर आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। जिलाधिकारी ने बताया कि 17 और 24 अक्टूबर को जिले के सभी निर्धारित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी और सुपरवाइजर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। उनके पास 10 अप्रैल को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची और उसके बाद जारी पूरक सूचियां भी उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को कैम्पों का निरीक्षण करने और कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने खासकर युवा मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने मतदान केंद्र पहुंचकर आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)