कानपुर देहात में रेलवे-ट्रैक के पास मिला युवती का शव:काम से घर लौटते समय हादसे की आशंका, दादानगर की सिलाई फैक्ट्री में काम करती थी
कानपुर के भाऊपुर-मैंथा स्टेशन मार्ग पर रैपालपुर गांव के सामने सोमवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने रेलवे लाइन के पास एक 22 वर्षीय युवती का शव देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए, लेकिन तत्काल पहचान न होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया गया। मंगलवार सुबह सचेंडी पुलिस की कोशिशों के बाद मृतका की शिनाख्त हो सकी। युवती के बाबा गंगा प्रसाद भाऊपुर चौकी पहुंचे और कपड़ों व हुलिए के आधार पर शव की पहचान अपनी नातिन शिवानी उर्फ रूबल कमल (22) के रूप में की। शिवानी कानपुर के सचेंडी स्थित मंगलीपुरवा गांव की रहने वाली थी। हर रोज ट्रेन से दादानगर ड्यूटी जाती थी शिवानी परिजनों के अनुसार, शिवानी परिवार का सहारा बनने के लिए कानपुर के दादानगर स्थित एक सिलाई कंपनी में काम करती थी। वह रोजाना सुबह करीब 9 बजे ट्रेन पकड़कर काम पर दादानगर जाती थी और शाम 6 बजे तक सुरक्षित घर लौट आती थी। सोमवार को भी वह रोज की तरह सुबह काम पर निकली थी, लेकिन जब देर रात तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। वे रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन सुबह उन्हें इस अनहोनी की खबर मिली। घर में पसरा सन्नाटा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल शिवानी की मौत की खबर मिलते ही गांव मंगलीपुरवा में मातम पसर गया। बेटी का शव मिलने की सूचना से मां मुन्नी देवी बेसुध हो गईं, वहीं बहन आकांक्षा और दोनों भाइयों—सुधांशु व हिमांशु का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे परिवार में गहरा सदमा है और गांव के लोग परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। मामले की जानकारी देते हुए कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सोमवार रात रेलवे लाइन के पास युवती का शव बरामद हुआ था, जिसकी मंगलवार सुबह शिनाख्त हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हर संभावित बिंदु से मामले की गहनता से जांच कर रही है। मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस की विशेष टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)