कानपुर इंवेट को लेकर अंजलि अरोड़ा ने जारी किया VIDEO:एक्ट्रेस बोलीं- कच्चा बादाम गाने से परेशानी नहीं, इससे मुझे पहचान मिली

Oct 19, 2026 - 15:01
0
कानपुर इंवेट को लेकर अंजलि अरोड़ा ने जारी किया VIDEO:एक्ट्रेस बोलीं- कच्चा बादाम गाने से परेशानी नहीं, इससे मुझे पहचान मिली
कानपुर में आयोजित डांडिया कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद पर सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर और एक्ट्रेस अंजलि अरोड़ा ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर तीन वीडियो जारी कर पूरे मामले में अपना पक्ष रखा। अंजलि ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि एयरपोर्ट से लेकर होटल तक उनकी सुरक्षा में कमी महसूस हुई। अंजलि ने वीडियों में कहा कि उन्होंने कानपुर की जनता का अपमान नहीं किया, बल्कि अपने साथ हुए गलत व्यवहार का विरोध किया था। उन्होंने 'कच्चा बादाम' गाने को लेकर भी सफाई दी। एक्ट्रेस ने कहा कि इसी गाने से उन्हें करोड़ों लोगों का प्यार मिला और उनकी पहचान बनी है। ऐसे में उन्हें इस गाने से परेशानी होने की बात कहना गलत है। अंजलि अरोड़ा के वीडियों जारी किए जाने के बाद कानपुर में डांडिया का आयोजन कराने वाले आशीष गुप्ता ने कहा जो भी आरोप लगाए गए हैं, वो पूरी तरह से गलत हैं। जो गाड़ी एयरपोर्ट अंजलि को लेने गई थी, उस गाड़ी ऑनर बैठकर गए थे। लेकिन जब अंजलि वहां गाड़ी में बैठकर आईं तो उनके साथ गाड़ी में उनके मैनेजर के सिवा कोई नहीं था। होटल पर भी सफाई देते हुए आशीष ने कहा कि होटल में उनकी टीम के लोग और दो बाउंसर साथ थे, इसके अलावा उनकी सुरक्षा के लिए महिला बॉउंसर ने को लगाया गया जो यूपी में गोल्डमेडलिस्ट हैं। लेकिन उनकी सफाई में कोई बात क्लियर नहीं हो सकी हैं। एयरपोर्ट से होटल तक असहज महसूस किया: अंजलि अंजलि अरोड़ा ने वीडियो में बताया कि जब वह कानपुर एयरपोर्ट पहुंचीं, तो उन्हें लेने आई गाड़ी में पहले से तीन लोग बैठे हुए थे। उनके मुताबिक, महिला कलाकार को लेने आने वाली गाड़ी में उसकी सुरक्षा और सहजता का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि होटल पहुंचने पर भी उन्हें असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। अंजलि के मुताबिक, होटल की लॉबी में पहले से कई लोग मौजूद थे और करीब 25 लोग उन्हें उनके कमरे तक छोड़ने गए। इस दौरान वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही थीं। अंजलि ने आगे कहा कि जब उन्होंने रूम सर्विस के जरिए खाना ऑर्डर किया, तो वेटर के साथ तीन युवक उनके कमरे में आ गए और फोटो खिंचवाने की मांग करने लगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हर 10 मिनट में उनके कमरे की घंटी बज रही थी। एक्ट्रेस ने सवाल उठाया कि क्या किसी महिला कलाकार के साथ इस तरह का व्यवहार करना सही है? उन्होंने कहा कि कलाकार होने का मतलब यह नहीं है कि उसे अपनी सुरक्षा, निजता और आत्मसम्मान की चिंता करने का अधिकार नहीं है। बोलीं- मैंने कानपुर का अपमान नहीं किया कार्यक्रम के दौरान अंजलि के एक बयान को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने कहा था कि अगर कानपुर में कलाकारों के साथ ऐसा व्यवहार होगा, तो कोई कलाकार वहां नहीं आएगा। अब इस बयान पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी नाराजगी कानपुर की जनता से नहीं, बल्कि उन लोगों से थी, जिनके व्यवहार से वह परेशान हुईं। अंजलि ने कहा, "मैंने कानपुर का अपमान नहीं किया था। मैंने अपने अपमान का विरोध किया था। मेरी नाराजगी कुछ लोगों के व्यवहार से थी, पूरे कानपुर से नहीं।" उन्होंने कहा कि कानपुर के लोगों ने उन्हें प्यार दिया है और वह उनका अपमान करने के बारे में सोच भी नहीं सकतीं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनकी किसी बात से कानपुर के लोगों को ठेस पहुंची है, तो उन्हें इसका अफसोस है। अंजलि ने कहा कि वह भी किसी की बेटी हैं, उनका भी परिवार है और उन्हें भी डर लगता है। स्टेज पर लोगों का मनोरंजन करने का मतलब यह नहीं है कि कोई भी उनके साथ जैसा चाहे, वैसा व्यवहार करे। कार्यक्रम में लड़की के बाल और कपड़े जलने का भी किया जिक्र अंजलि अरोड़ा ने कार्यक्रम के दौरान हुई एक अन्य घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि शो के दौरान एक लड़की के बाल और कपड़े जल गए थे। इस घटना को लेकर उन्होंने कार्यक्रम के मैनेजमेंट और आयोजकों पर सवाल उठाए। अंजलि ने कहा कि किसी भी कार्यक्रम में कलाकारों और दर्शकों की सुरक्षा के साथ उचित व्यवस्थाएं होना बेहद जरूरी है। उनके मुताबिक, इस तरह की घटनाएं कार्यक्रम के इंतजामों पर सवाल खड़े करती हैं। 'कच्चा बादाम' गाने से परेशानी होने की बात गलत आयोजको ने आरोप लगाया था कि अंजलि अरोड़ा मंच पर कच्चा बादाम गाना बजने के बाद मंच नाराज होकर मंच छोड़कर चली । इस पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह गाना उनकी पहचान से जुड़ा हुआ है। अंजलि ने कहा, "कच्चा बादाम मेरी पहचान से जुड़ा हुआ गाना है। इसी गाने के जरिए मुझे करोड़ों लोगों ने प्यार दिया है। मैं उस प्यार का अपमान क्यों करूंगी?" उन्होंने कहा कि किसी कार्यक्रम में क्या हुआ और किन परिस्थितियों में हुआ, इसका फैसला केवल कुछ सेकेंड की वीडियो क्लिप देखकर नहीं किया जा सकता। उन्होंने आयोजकों से भी कहा कि अगर उन्हें कोई शिकायत है, तो वे सबूतों के साथ उचित तरीके से अपना पक्ष रखें। दर्शकों से मांगी माफी, बोलीं- कानूनी कार्रवाई कर रही टीम अंजलि ने कार्यक्रम में उन्हें देखने पहुंचे दर्शकों से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि वह उन लोगों की निराशा समझती हैं, जो उन्हें देखने आए थे, लेकिन कार्यक्रम पूरा नहीं देख पाए। एक्ट्रेस ने कहा कि उन्हें किसी से लड़ाई नहीं करनी और न ही किसी को नीचा दिखाना है। वह सिर्फ इतना चाहती हैं कि उनकी बात को भी उतनी ही गंभीरता से सुना जाए, जितनी गंभीरता से उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों को सुना जा रहा है। सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ हो रही टिप्पणियों पर अंजलि ने कहा कि किसी की आलोचना करना या सवाल पूछना गलत नहीं है, लेकिन पूरी सच्चाई जाने बिना किसी के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाना ठीक नहीं है। उन्होंने आखिर में कहा कि कानपुर उनके लिए अपना शहर है और वहां के लोग उनके अपने हैं। उनका विरोध किसी शहर से नहीं, बल्कि गलत व्यवहार से है। अंजलि के मुताबिक, उनकी लीगल टीम इस मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User