कानपुर जेल में बेहोश हुआ अधिवक्ता अखिलेश दुबे:मसूड़ो में पस पड़ने से एक हफ्ते से खाना नहीं खाया, उर्सला में एडमिट
ढाई करोड़ रंगदारी केस में जेल में बंद अधिवक्ता अखिलेश दुबे को एक बार फिर उर्सला अस्पताल में एडमिट कराया गया है। जेल प्रशासन के मुताबिक शुक्रवार शाम अखिलेश दुबे जेल में बेहोश हो गए, जिसके बाद आनन–फानन में जेल अधिकारियों ने उसे उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया। जेल सुपरिटेंडेंट ने बताया कि अखिलेश दुबे के दांतों में दिक्कत थी। जिस कारण मसूड़ों में पस पड़ गया था। कमजोरी के चलते शुक्रवार शाम वह बैरक में बेहोश हो गया। भाजपा नेता रवि सतीजा ने दर्ज कराया था रंगदारी का मुकदमा भाजपा नेता रवि सतीजा ने बर्रा थाने में अधिवक्ता अखिलेश दुबे के खिलाफ फर्जी रेप केस में फंसा कर 50 लाख रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। जिसपर पुलिस ने उसे अरेस्ट कर जेल भेजा था। जेल जाने के बाद अधिवक्ता संदीप शुक्ला ने कोतवाली में, वक्फ की संपत्ति पर कब्जे के मामले में ग्वालटोली में, होटल कारोबारी सुरेश पाल और शैलेंद्र कुमार ने किदवई नगर थाने में दर्ज कराया था। इसके साथ ही होटल कारोबारी प्रज्ञा त्रिवेदी ने कोर्ट के आदेश से जूही थाने में डकैती का मुकदमा दर्ज कराया था। सुरेश पाल ने कहा था कि अखिलेश दुबे ने उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट में फर्जी मुकदमा दर्ज कराया। मुकदमा खत्म कराने के एवज में उनसे ढाई करोड़ रंगदारी वसूली। होटल कारोबारी से रंगदारी मामले को छोड़ कर सभी मुकदमों में अखिलेश दुबे को जमानत मिल चुकी है। होटल कारोबारी के मुकदमे में चल रहा ट्रायल वहीं सुरेश पाल से रंगदारी वसूलने के केस में मुकदमा जिलाजज की कोर्ट में ट्रायल पर है। जिसमें वादी, एफआईआर लेखक समेत चार लोगों के बयान हो चुके है, जिनमें तीन गवाह अपने बयानों से मुकर चुके है। रंगदारी केस में अखिलेश दुबे जेल में बंद है। जेल सुपरिटेंडेंट राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि अखिलेश दुबे के दांतों में दिक्कत थी, जिसकारण उसके मसूड़ों में पस पड़ गया था। जेल डॉक्टर समीर कुमार की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था। मसूड़ों में पस पड़ने के कारण वह पिछले एक हफ्ते से खाना नहीं खा रहा था। खाना न खाने की वजह से कमजोरी आने के कारण शुक्रवार शाम वह बैरक में बेहोश होकर गिर पड़ा। जिसके बाद उसे उर्सला अस्पताल में एडमिट कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन कराए जाने की बात कही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)