कानपुर के बिठूर में नाले में मिला मजदूर का शव:सुबह ग्रामीणों ने दी सूचना, चचेरे भाई ने की पहचान; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह देशी शराब ठेके के पीछे बने नाले में युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह ग्रामीणों ने नाले में शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही बिठूर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे मृतक के चचेरे भाई ने उसकी पहचान की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक सोमवार देर रात घर से शराब पीने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह उसका शव मिलने की जानकारी परिजनों तक पहुंची। फिलहाल युवक की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। देर रात घर से निकला था, सुबह नाले में मिला शव सचेंडी थाना क्षेत्र के भौती निवासी हीरा ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। परिवार में उनका चचेरा भाई संतोष राजपूत (40) भी ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। परिजनों के मुताबिक, संतोष सोमवार देर रात घर से शराब पीने के लिए निकला था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने फोन कर संतोष के चचेरे भाई को सूचना दी कि बिठूर थाना क्षेत्र के मकसूदाबाद गांव के पास देशी शराब ठेके के पीछे बने नाले में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। वहां संतोष का शव देखकर परिवार के लोगों में शोक छा गया। ग्रामीणों ने शव मिलने की जानकारी पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार शराब ठेके के पीछे नाले में युवक का शव मिलने के बाद उसकी मौत को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि संतोष की मौत नाले में गिरने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है। परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। यदि परिजनों की ओर से कोई तहरीर मिलती है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बिठूर थाना प्रभारी अशोक सरोज ने बताया कि मंगलवार सुबह डायल 112 के माध्यम से युवक का शव नाले में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की ओर से अभी कोई आरोप नहीं लगाया गया है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)