कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:मंत्री को बांधकर 12 लाख लूटे, शहर में डेंगू के मरीज बढ़ रहे; छात्रों ने ज्ञानेश कुमार का पिंड बनाया
नमस्कार, कानपुर की कल (मंगलवार) की 10 बड़ी खबरें… भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव को बंधक बनाकर 12 लाख रुपए की लूट हुई। नकाबपोश बदमाश फार्म हाउस में घुसे। डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बीते तीन दिनों में 22 लोग डेंगू मरीज मिले हैं। इस साल डेंगू के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 202 हो गई है। छात्रों ने 14 साल से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने पर नाराजगी जताई है। सरसैया घाट पर बालू से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदान के अधिकार का प्रतीकात्मक पिंड बनाया। इसे गंगा में प्रवाहित करने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोक लिया। ऐसी ही 10 बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…। सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें- 1- भाजपा प्रदेश मंत्री के हाथ-पैर बांधे, मुंह पर टेप चिपकाया; लॉकर से 12 लाख के कैश-जेवर ले गए कानपुर में BJP पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव के हाथ-पैर बांधकर 12 लाख रुपए लूट लिए गए। आधी रात नकाबपोश बदमाश रमेश यादव के फार्म हाउस में घुसे। उन्हें बंधक बनाकर लूटपाट की, फिर बाथरूम में बंद करके भाग गए। वारदात शहर से 20 किलोमीटर दूर सेन पश्चिमपारा थाना क्षेत्र में हुई। रमेश 1 अक्टूबर को BJP पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री बने थे। सोमवार को लखनऊ में पदभार ग्रहण करने के बाद वह रात 12:30 बजे कानपुर पहुंचे। पढ़ें पूरी खबर... 2- बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए मतदान, भाजपा-कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में कानपुर में मंगलवार सुबह 7 बजे से बिठूर नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। सुबह 9 बजे तक 14.50% वोटिंग हो चुकी है। वहीं 11 बजे तक 32.16 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर 1 बजे तक 44 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर 3 बजे तक करीब 55 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। डॉ. निर्मला सिंह नगर पंचायत की लगातार पांच बार अध्यक्ष रह चुकी थीं। जून 2026 में उनका निधन हो गया था। नगर पंचायत अध्यक्ष का 13 महीने का कार्यकाल शेष है, जिसके लिए उपचुनाव कराया जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर... 3- स्कूल-आंगनबाड़ी बने तालाब, 180 बच्चों की पढ़ाई ठप, ग्रामीण बोले- अतिक्रमण के चलते पानी नहीं निकल रहा कानपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय और 2 आंगनवाड़ी केंद्रों में बारिश का पानी भरने से बच्चों की पढ़ाई ठप है। 180 से अधिक बच्चों को दूसरे स्कूल में पढ़ाना पढ़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब से पानी निकलने का रास्ता अतिक्रमण के कारण बंद है। इसकी शिकायत अधिकारियों से भी की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका। हर बार बारिश में बच्चों को दूसरे ठिकाने पर भेजा जाता है। लेकिन अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी अंजान बने हैं। मामला मुख्यालय से 70km दूर ककवन कस्बे के स्कूल का है। पढ़ें पूरी खबर... 4- गैंगस्टर रेप पीड़िता से बोला- नाम गूगल सर्च कर लेना, घरवालों की लाशें नहीं मिलेंगी बर्रा में युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर रेप करने और अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि विरोध और पुलिस से शिकायत की बात कहने पर उसे गैंगस्टर अजय ठाकुर के नाम से डराया गया। बाद में अजय ठाकुर ने भी उसे मिलने के लिए बुलाया और स्कार्पियो में बैठाकर धमकी देते हुए कहा- तुम्हारे घरवालों की लाशों का पता नहीं चलेगा, मेरा नाम गूगल में सर्च कर लेना। पुलिस मेरा कुछ भी नहीं कर पाती। जिसके बाद से युवती और उसका परिवार दहशत में है। पढ़ें पूरी खबर... 5- 'प्लीज कम बैक सून...' कानपुर के नितिन की पत्नी की पुकार, UAE में ड्रोन हमले में तबाह हुआ जहाज नितिन, प्लीज कम बैक सून… अब बस आप सुरक्षित घर लौट आइए... यह कहना है शारजाह (UAE) में ड्रोन हमले में तबाह हुए जहाज से लाइफबोट के सहारे जान बचाकर निकले कानपुर के नितिन शुक्ला की पत्नी अंकिता का। छह साल की बेटी और दो साल के बेटे को संभाल रहीं अंकिता के लिए पति की सलामती की खबर किसी राहत से कम नहीं, लेकिन जब तक नितिन घर नहीं लौट आते हैं, उनका डर खत्म नहीं हो रहा। पढ़ें पूरी खबर... 6- ऑटो में व्यापारी का बैग काटकर 50 हजार चुराए, पीड़ित ने दौड़ाकर एक बदमाश को पकड़ा कानपुर में टाटमिल से घंटाघर आने के लिए ऑटो में सवार कपड़ा व्यापारी के बैग काटकर 50 हजार रुपए पार कर दिए गए। घंटाघर के पास बैग कटने का पता चलने पर व्यापारी ने ऑटो में सवार एक आरोपी को बाइक से भागते हुए देख लिया। व्यापारी ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पीड़ित ने आरोपी को पकड़ कर कलक्टरगंज पुलिस को सौंपकर घटना की जानकारी व्यापारी नेताओं को दी। लगातार हो रही घटनाओं से आक्रोशित व्यापारियों ने कलक्टरगंज थाने में हंगामा किया। पढ़ें पूरी खबर... 7- ज्ञानेश कुमार और मतदान के अधिकार का पिंडदान किया, सरसैया घाट पर विधि छात्रों को पुलिस ने रोका कानपुर में छात्रों ने 14 साल से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने पर नाराजगी जताई है। एसआईआर के जरिए वोट का अधिकार छिनने के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। विधि छात्र मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सरसैया घाट पर बालू से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदान के अधिकार का प्रतीकात्मक पिंड बनाया। ‘वोट’ लिखे पोस्टर को माला पहनाई और अगरबत्ती जलाकर उसके सामने पिंड रख दिया। प्रदर्शनकारी इसे गंगा में प्रवाहित करने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पढ़ें पूरी खबर... 8- तीन दिन में डेंगू के 22 मरीज मिले, डॉक्टर बोले- पानी न जमा होने दें; अब तक 202 केस सामने आए कानपुर में डेंगू के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बीते तीन दिनों में 22 लोग डेंगू मरीज मिले हैं। मंगलवार को 13 और रविवार को नौ मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। इसके साथ ही इस साल डेंगू के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 202 हो गई है। नए मरीज शहर के अलग-अलग इलाकों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, डेंगू संक्रमित मरीज तलाक महल, पटकापुर, निराला नगर, शिवराजपुर, कल्याणपुर, बिल्हौर, चौबेपुर, रावतपुर, अरौल और ककवन समेत कई क्षेत्रों में मिले हैं। पढ़ें पूरी खबर… 9- कूड़े के ढेर, बजबजाती नालियां… पार्षद बोलीं- 48 घंटे में सफाई नहीं तो पार्षद कूड़ा स्नान करूंगी कानपुर के वार्ड-14 किदवई नगर के ओ ब्लॉक सब्जी मंडी और राखी मंडी में गंदगी, जलभराव और बजबजाती नालियों से लोग परेशान हैं। गड्ढों और कूड़े के ढेर के बीच रहने को मजबूर लोगों की समस्या को लेकर पार्षद शालू सुनील कनौजिया ने नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने नगर आयुक्त को चेतावनी दी, कहा- अगर 48 घंटे में दोनों जगहों पर सफाईकर्मियों की तैनाती नहीं की गई तो वह अपने सिर पर चप्पल रखकर कूड़ा स्नान करेंगी। पढ़ें पूरी खबर… कानपुर में कॉरिडोर-2 पर मेट्रो का टेस्ट रन सफल: CSA से 10 की स्पीड में विजय नगर स्टेशन तक पहुंची कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 के पार्ट-वन में अंडरग्राउंड सेक्शन का काम पूरा होने के बाद मंगलवार को टेस्ट रन भी सफल रहा। अब कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेलवे सेफ्टी (सीएमआरएस) की रिपोर्ट आने के बाद ट्रैक पर मेट्रो दौड़ाई जाएगी। फिलहाल इस रूट पर अभी अलग-अलग तरीकों से कई दिनों तक ट्रायल चलेगा। इसके बाद आंकड़ों का एनालिसिस करने के बाद सीएमआरएस अपनी रिपोर्ट देगा और हरी झंडी मिलने के बाद आम पब्लिक के लिए मेट्रो को दौड़ाया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)