कानपुर में आंधी और बारिश में गिरे पेड़-होर्डिंग:साकेत नगर में पेड़ गिरने से 5 वाहन दबे, कई इलाकों की बिजली रही गुल

Oct 07, 2026 - 23:14
0
कानपुर में आंधी और बारिश में गिरे पेड़-होर्डिंग:साकेत नगर में पेड़ गिरने से 5 वाहन दबे, कई इलाकों की बिजली रही गुल
कानपुर में बुधवार को तेज हवा और बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। शहर के कई इलाकों में पेड़ और बिजली के पोल टूटकर गिर गए। पेड़ों की चपेट में आने से वाहन क्षतिग्रस्त हुए। जबकि बिजली के तार टूटने से कई क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। रास्तों पर पेड़ गिरने से राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश रूकते ही नगर निगम की टीमें निकलीं और गिरे पेड़ और पोल हटाने का काम शुरू हुआ। देखिए 3 तस्वीरें… पेड़ गिरने से कई वाहन हुए क्षतिग्रस्त साकेत नगर में बारिश और तेज हवा के बीच बाइक शोरूम के सामने करीब 35 साल पुराना पाकड़ का पेड़ अचानक भरभराकर गिर गया। पेड़ की चपेट में वहां खड़े पांच दोपहिया वाहन आ गए, जो दबकर क्षतिग्रस्त हो गए। पेड़ गिरने से बिजली के तार भी टूट गए। इसके चलते आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। स्थानीय लोगों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा। लोहे की होर्डिंग हाईटेंशन लाइन पर गिरी इसी तरह किदवई नगर के बगाही रोड पर ग्रीन बेल्ट में लगी लोहे की बड़ी होर्डिंग तेज हवा में क्षतिग्रस्त होकर पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन पर जा गिरी। गनीमत रही कि उस समय बिजली आपूर्ति बंद थी। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। होर्डिंग के हाईटेंशन लाइन पर गिरने से आसपास मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। रायपुरवा में केशव भवन के पास लगा तिरंगे का खंभा भी तेज हवा के कारण टूटकर सड़क पर गिर गया। हालांकि, यहां भी कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। नगर निगम की टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची और आधा पोल काटकर अलग किया, जिसके बाद ट्रैफिक सामान्य हुआ। इन इलाकों में कई घंटे बिजली रही गुल आंधी के कारण शहर के कई अन्य इलाकों में भी पेड़ और बिजली के तार टूटने की सूचनाएं सामने आईं। पांडु नगर, आर्य नगर, स्वरूप नगर, बर्रा, किदवई नगर और गोविंद नगर समेत कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। कुछ इलाकों में कई घंटे तक बिजली नहीं आई। बारिश और तेज हवा के कारण सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाने और विद्युत आपूर्ति बहाल करने में कर्मचारियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User