कानपुर में अंबेडकर पार्क में ओपन जिम कूड़े से पटा:क्षेत्रीय बोले- पार्क अब बीमारी का घर बन गया, कमीशनखोरी में लगाए झूले

Oct 04, 2026 - 09:04
0
कानपुर में अंबेडकर पार्क में ओपन जिम कूड़े से पटा:क्षेत्रीय बोले- पार्क अब बीमारी का घर बन गया, कमीशनखोरी में लगाए झूले
कानपुर काकादेव वार्ड-30 पॉश इलाके में आने वाली नगर निगम कॉलोनी का अंबेडकर पार्क पूरी तरह से बदहाल है। पार्क पूरी तरह से कूड़े से पट गया है। यहां लगे झूलों तक बच्चों का पहुंचना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन सा है। गंदगी के चलते यहां पर कोई बच्चा झूलने नहीं आता है। इतना ही नहीं पार्क के चौतरफा और कॉलोनी की नालियां गंदगी से पटी पड़ी और बजबजा रही हैं। क्षेत्रीय लोगों ने पार्षद से लेकर नगर आयुक्त और डीएम तक शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लोग गंदगी और बदहाली के बीच जीने को मजबूर हैं। इस मोहल्ले के हालात गांव या किसी स्लम एरिया से भी बदतर हैं। पढ़ें काकादेव अंबेडकर पार्क से रिपोर्ट…। गंदगी के ढेर के बीच लगे लाखों के झूले, चौतरफा गंदगी काकादेव वार्ड-30 से BJP के पवन पांडेय पार्षद हैं। देवकी चौराहा से चंद कदम की दूरी पॉश इलाके के बीच सर्वोदय नगर निगम कॉलोनी कॉलोनी है। नगर निगम की यह बदहाल कॉलोनी किसी पिछड़े हुए गांव से भी ज्यादा बदतर है। यहां पर अंबेडकर पार्क में भले ही बच्चों के लिए नगर निगम ने झूले लगाकर अपना पल्ला झाड़ लिया, लेकिन पूरा पार्क गंदगी से पटा है। इस पार्क में खेलने कूदने की तो बात छोड़िए कोई पार्क के आसपास खड़ा भी नहीं हो सकता है। पार्क में कूड़े और नालियों से इस कदर दुर्गंध आती है कि अब इस पार्क में कोई आता-जाता नहीं है। बारिश के चलते पार्क में पानी भर गया और कूड़े में सड़न पैदा हो गई है। इतना ही नहीं जलभराव के चलते मच्छरों का भी प्रकोप बढ़ गया है। मोहल्ले में रहने वाले किशन खोटे, जय राज, निर्मला और सोमवती संखवार समेत अन्य लोगों ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर पार्क, नाली की सफाई और सड़क पर इंटरलॉकिंग लगाने की मांग की है, लेकिन दर्जनों शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। कूड़े के बीच महर्षि बाल्मीकि की प्रतिमा पार्क में महर्षि बाल्मीकि की प्रतिमा भी बनी हुई है, क्षेत्रीय लोगों की मानें तो गंदगी के बीच महर्षि बाल्मीकि की प्रतिमा होने की भी जानकारी अफसरों को दी, लेकिन कोई काम नहीं हुआ। अब प्रतिमा की सफाई खुद मोहल्ले के लोग करते हैं। लोगों का कहना है कि गंदगी के बीच प्रतिमा की सफाई करना संभव नहीं है। जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ एक्शन होना चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User