कानपुर में अयोध्या-काशी की तर्ज पर ब्रह्मावर्त कॉरिडोर बनेगा:उपचुनाव जीतने के बाद राणा समरेंद्र ने घोषणा की, बोले-मेरी विजय मां को समर्पित
कानपुर की बिठूर नगर पंचायत के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राणा समरेंद्र सिंह ने 2483 वोटों से जीत दर्ज की। उनकी मां डॉ. निर्मला सिंह लगातार पांच बार नगर पंचायत अध्यक्ष रहीं। उनके निधन के बाद हुए उपचुनाव में भाजपा ने राणा समरेंद्र सिंह को प्रत्याशी बनाया। जीत के बाद उन्होंने इसे मां के आशीर्वाद को समर्पित किया। दैनिक भास्कर से बातचीत में राणा समरेंद्र सिंह ने कहा कि बिठूर उनका परिवार है। पहले भी उनका परिवार क्षेत्र की सेवा करता रहा है और आगे भी करता रहेगा। उन्होंने बिठूर में अयोध्या, काशी, मथुरा और चित्रकूट की तर्ज पर ब्रह्मावर्त कॉरिडोर बनवाने की बात कही। उनके मुताबिक, क्षेत्र में स्टेडियम, तरणताल और पार्क का निर्माण हो रहा है। नेचुरोपैथी सेंटर भी प्रस्तावित है। सवाल-जवाब में पढ़िए, जीत के बाद जो बोले राणा समरेंद्र सिंह... सवाल: बिठूर नगर पंचायत उपचुनाव में जीत का श्रेय किसे देंगे? जवाब: यह जीत हमारी माता जी के आशीर्वाद और पूरे बिठूर परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। हम इस जीत को आगे बढ़ाते हुए बिठूर को विकास के नए आयाम पर स्थापित करने का प्रयास करेंगे। केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्य हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप बिठूर का समुचित विकास किया जाएगा। क्षेत्रीय विधायक अभिजीत सिंह सांगा, जो मेरे छोटे भाई भी हैं, बिठूर के विकास के लिए लगातार प्रयास करते रहते हैं। हमारा प्रयास है कि बिठूर का नाम देश और दुनिया में अलग पहचान बनाए। यहां के लोगों को विकास के साथ रोजगार के बेहतर अवसर भी मिलें। सवाल: बिठूर में ऐसी कौन-सी बड़ी परियोजनाएं हैं, जिन्हें आप धरातल पर उतारना चाहते हैं? जवाब: बिठूर के विकास के लिए कई योजनाओं पर काम चल रहा है। विधायक अभिजीत सिंह सांगा के प्रयासों से यहां नेचुरोपैथी सेंटर लाने की योजना है। इसके लिए बिठूर कला क्षेत्र में जमीन भी आवंटित हो चुकी है। इसके अलावा, बिठूर में स्टेडियम बनाया जा रहा है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तरणताल और पार्क का निर्माण भी चल रहा है। आने वाले समय में ऐसी और परियोजनाओं पर काम किया जाएगा, जिससे बिठूर को आगे बढ़ाया जा सके। सवाल: बिठूर ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी धरती है। क्या यहां भी अयोध्या की तर्ज पर विकास किया जाएगा? जवाब: निश्चित रूप से, बिठूर के विकास के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जिस तरह अयोध्या, वाराणसी और मथुरा में कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं और चित्रकूट में कॉरिडोर का निर्माण हुआ है, उसी तरह बिठूर में भी ब्रह्मावर्त कॉरिडोर बनवाने का काम किया जाएगा। इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। हमें विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहयोग और आशीर्वाद से यह योजना साकार होगी। इससे बिठूर की धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। बिठूर के विकास और रोजगार पर रहेगा फोकस राणा समरेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव में मिली जीत के बाद उनकी प्राथमिकता बिठूर का समग्र विकास करना है। क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार करने के साथ-साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिठूर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान को मजबूत बनाने के लिए नई परियोजनाओं पर काम किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)