कानपुर में बुजुर्ग दंपती से चेन लूटी:24 घंटे में 100 CCTV से खुलासा, गोल्फ क्लब के 2 वर्कर गिरफ्तार
कानपुर में डीसीपी पूर्वी कार्यालय से महज 200 मीटर दूर बुजुर्ग दंपती से हुई चेन लूट का रेलबाजार पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया। शुक्रवार सुबह मंदिर दर्शन के लिए निकले दंपती को बाइक सवार दो युवकों ने निशाना बनाया था। बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपटी और भागते समय स्कूटी में धक्का मार दिया। इससे स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में महिला घायल हो गईं, जबकि उनके पति का हाथ टूट गया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करके शनिवार दोपहर 3 बजे जेल भेजा। कृष्णा नगर निवासी त्रिभुवन जैन (66) अपनी पत्नी नीलम जैन (63) के साथ शुक्रवार सुबह स्कूटी से जनरलगंज स्थित जैन मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। करीब 6:20 बजे दंपती सीओडी पुल से उतरकर हनुमान मंदिर के पास पहुंचे। तभी सफेद रंग की बाइक पर सवार दो युवक पीछे से आए। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक नीलम जैन के गले पर झपट्टा मारकर सोने की 12 ग्राम की चैन खींच ली। वारदात के दौरान बदमाशों ने स्कूटी में धक्का भी मार दिया। अचानक संतुलन बिगड़ने से स्कूटी सड़क पर जा गिरी। नीलम जैन के शरीर में कई जगह चोटें आईं, जबकि त्रिभुवन जैन का बायां हाथ टूट गया। बदमाश चेन लेकर बाइक से फरार हो गए। घायल दंपती को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। त्रिभुवन जैन ने पुलिस को बताया कि वह एनसीसीएफ ऑफ इंडिया में डिप्टी मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और वर्ष 2018 में सेवानिवृत्त हुए थे। तीन टीमें, 100 से ज्यादा कैमरे और फिर खुला राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने तीन टीमें गठित कीं। टीमों ने घटनास्थल से लेकर बदमाशों के संभावित भागने वाले रास्तों तक लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। ऑपरेशन त्रिनेत्र के कैमरों से संदिग्धों की गतिविधियों और बाइक के रूट को जोड़ा गया। लगातार फुटेज खंगालने के बाद पुलिस दोनों आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस ने चकेरी के घाउखेड़ा निवासी योगेश उर्फ अंकित कश्यप (19) और जाजमऊ के मैकूपुरवा निवासी दानिश (19) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से महिला से छीनी गई सोने की चेन और लॉकेट बरामद हो गया। गोल्फ क्लब में करते हैं हेल्पर का काम पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे गोल्फ क्लब में हेल्पर का काम करते हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों ने दंपती को कहां से पीछा किया था और वारदात के लिए इसी रास्ते को क्यों चुना। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास और अन्य चेन स्नैचिंग की घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी दानिश के खिलाफ चकेरी थाने में पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में पहले से मुकदमा दर्ज है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। डीसीपी कार्यालय के पास वारदात ने बढ़ाई चुनौती डीसीपी पूर्वी कार्यालय से करीब 200 मीटर दूर हुई वारदात ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। खासकर सुबह के समय मंदिर जा रहे बुजुर्ग दंपती को निशाना बनाकर बदमाशों ने दुस्साहस दिखाया। हालांकि, पुलिस ने घटना के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी नेटवर्क के जरिए 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)