कानपुर में डेंगू के 12 नए मरीज मिले:मौसम बदलते ही डेंगू की दस्तक तेज, इस साल 184 संक्रमित
कानपुर में बदलते मौसम के बीच शहर में डेंगू के नए मरीज मिलने का सिलसिला जारी है। शनिवार को डेंगू के 12 नए संक्रमित मिले। इसके साथ ही इस साल डेंगू मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 184 हो गई है। नए मरीज सिविल लाइंस, कर्नलगंज, देहली सुजानपुर, रतनलाल नगर, ब्रह्मनगर, शिवराजपुर और बिठूर इलाके में मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इन क्षेत्रों में संक्रमण की निगरानी और मच्छरों के प्रजनन स्थलों की जांच शुरु कर दी है। संक्रमण वाले इलाकों में टीम कर रही जांच डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि जिन इलाकों में मरीज मिले हैं, वहां स्वास्थ्य विभाग की टीमें जांच कर रही हैं। संक्रमितों के घरों और आसपास के क्षेत्रों में भी जांच की जाएगी, ताकि मच्छरों के पनपने वाले स्थानों का पता लगाया जा सके। उन्होंने लोगों से घरों में कहीं भी पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है। जमा पानी में पनपते हैं मच्छर हैलट अस्पताल के एसआईसी डॉ. सौरभ अग्रवाल ने बताया कि डेंगू मच्छर के काटने से फैलने वाला रोग है। घरों की छतों, गमलों, कूलर, पुराने टायरों और बेकार बर्तनों में जमा साफ पानी भी मच्छरों के प्रजनन का कारण बन सकता है। इसलिए पानी जमा होने वाले स्थानों की नियमित सफाई जरूरी है। कूलर और पानी की टंकियों को साफ रखने के साथ कंटेनरों को ढककर रखना चाहिए। आसपास पानी जमा होने पर उसे हटाने के उपाय करें। बुखार होने पर जांच कराएं स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि डेंगू में तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर और जोड़ों में दर्द, आंखों के पीछे दर्द तथा त्वचा पर चकत्ते जैसे लक्षण दिख सकते हैं। ऐसे लक्षण होने पर चिकित्सक से परामर्श लेकर जांच करानी चाहिए। खुद से दवा लेने से बचें। विशेष रूप से एस्पिरिन और आइबुप्रोफेन जैसी दवाएं डॉक्टर की सलाह के बिना न लें, क्योंकि डेंगू में रक्तस्राव का खतरा बढ़ सकता है। तेज पेट दर्द, लगातार उल्टी, नाक या मसूड़ों से खून आने अथवा अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखने पर तत्काल चिकित्सा सहायता लें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)