कानपुर में दिव्यांग प्रॉपर्टी डीलर पर कुत्तों का हमला:स्कूटी पर चढ़कर पैर में काटा, बैसाखी से भगाकर बचाई जान

Oct 15, 2026 - 13:42
0
कानपुर में दिव्यांग प्रॉपर्टी डीलर पर कुत्तों का हमला:स्कूटी पर चढ़कर पैर में काटा, बैसाखी से भगाकर बचाई जान
कानपुर में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब कुत्तों के झुंड ने एक दिव्यांग प्रॉपर्टी डीलर को निशाना बना लिया। गुरुवार सुबह 10:30 बजे घर से महज 500 मीटर दूर मंदिर के पास स्कूटी रोकते ही आधा कुत्तों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद स्कूटी पर चढ़कर बाएं पैर में काट लिया। अचानक हुए हमले से घबराए प्रॉपर्टी डीलर ने किसी तरह बैसाखी निकालकर कुत्तों को भगाया और अपनी जान बचाई। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने की मांग की है। बसंत विहार निवासी प्रमोद मिश्रा (54) प्रॉपर्टी डीलर हैं और दिव्यांग हैं। वह निजी काम से अपनी स्कूटी लेकर घर से निकले थे। रास्ते में घर से करीब 500 मीटर दूर लक्ष्मीनारायण मंदिर के पास उन्होंने स्कूटी रोकी। इसी दौरान वहां मौजूद आधा दर्जन आवारा कुत्तों ने उन्हें घेर लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, एक कुत्ता उछलकर उनकी स्कूटी पर चढ़ और उनके बाएं पैर में काट लिया। अचानक हुए हमले से वह घबरा गए। उन्होंने स्कूटी से बैसाखी निकाली और कुत्तों को भगाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद कुत्तों से बचकर वह सुरक्षित निकल सके। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन घायल प्रमोद मिश्रा को उपचार के लिए कांशीराम अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज कराया गया। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर चिंता इलाके के अनुज कुमार और शुभम, मोहित ने बताया कि आवारा कुत्तों के कारण बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों में डर बना रहता है। कुत्तों के झुंड कभी भी लोगों पर हमला कर देते हैं। उनका कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम में शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर निगम अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़े, ताकि क्षेत्र के लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User