कानपुर में डंपर ने बाइक सवार भाई को रौंदा, मौत:दूसरा भाई घायल; जर्जर सड़क पर बजरी से फिसली बाइक

Oct 18, 2026 - 20:38
0
कानपुर में डंपर ने बाइक सवार भाई को रौंदा, मौत:दूसरा भाई घायल; जर्जर सड़क पर बजरी से फिसली बाइक
कानपुर के पनकी-रामादेवी फ्लाईओवर पर रविवार को सड़क हादसे में दूसरी मौत हो गई। यशोदानगर के पास सड़क पर बिखरी बजरी से बाइक अनियंत्रित हुई, तभी पीछे से आए डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में जाजमऊ निवासी गिरीश चंद्र सैनी (55) डंपर में फंसकर करीब 300 मीटर तक घिसटते चले गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके छोटे भाई राजीव सैनी ने बाइक से कूदकर जान बचाई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर भाग गया। जांच में डंपर पर लगी नंबर प्लेट स्विफ्ट कार के नाम पर दर्ज मिली। वाहन पर 49 हजार रुपए के 10 चालान भी बताए गए हैं। इसी मार्ग पर रविवार सुबह भी एक युवक की मौत हुई थी। एक ही दिन में दो मौतों के बाद सड़क की हालत और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं। बजरी से बिगड़ा बाइक का संतुलन, डंपर में फंसे बुजुर्ग जाजमऊ के ताड़बगिया निवासी गिरीश चंद्र सैनी अपने छोटे भाई राजीव के साथ निजी काम से कालपी गए थे। रविवार शाम करीब 7 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। पनकी-रामादेवी फ्लाईओवर पर यशोदानगर के पास सड़क पर फैली बजरी से बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। राजीव ने बाइक से कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन गिरीश डंपर में फंस गए। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय भागने की कोशिश की। गिरीश करीब 300 मीटर तक डंपर के साथ घिसटते चले गए। राहगीरों के पीछा करने पर चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल राजीव को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया। गिरीश की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वह कागज के लिफाफे बनाने का काम करते थे। परिवार में पत्नी सुमन और पांच बेटे शंकर, सुमेर, पीतांबर, जीतू व सतेंद्र हैं। डंपर पर कार की नंबर प्लेट, सुबह भी गई थी एक जान हादसे में शामिल डंपर पर लगी नंबर प्लेट की जांच में वह स्विफ्ट कार के नाम पर दर्ज मिली। वाहन पर 49 हजार रुपए के 10 चालान होने की भी जानकारी सामने आई है। इस मामले ने सड़क पर चल रहे वाहनों की जांच और निगरानी पर सवाल खड़े किए हैं। थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल डंपर को पकड़ लिया गया है, जबकि चालक फरार है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि रविवार सुबह इसी घटनास्थल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एमआर सूरज मिश्रा (26) की मौत हो गई थी। वह नौबस्ता के जरौली से अपने मूल निवास प्रयागराज लौट रहे थे। एक ही दिन में एक ही मार्ग पर दो लोगों की मौत के बाद सड़क पर बिखरी बजरी, जर्जर सड़क और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User