कानपुर में दशहरा पर 110 फीट का रावण जलेगा:180 डिग्री सिर घूमेगा, मुस्लिम कारीगर तैयार कर रहे पुतला

Oct 07, 2026 - 07:24
0
कानपुर में दशहरा पर 110 फीट का रावण जलेगा:180 डिग्री सिर घूमेगा, मुस्लिम कारीगर तैयार कर रहे पुतला
कानपुर शहर के परेड मैदान में होने वाली प्रसिद्ध रामलीला में इस बार दशहरा पर 110 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा। करीब दो महीने से तैयार किए जा रहे पुतले का 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। रावण का 90 फीट का धड़ और सिर तैयार है। इन्हें जोड़ने के बाद पुतले की कुल ऊंचाई 110 फीट हो जाएगी। पुतले में दहन के लिए करीब 1000 से 1500 बम लगाए जाएंगे। रंग-बिरंगी लाइटों से सजे रावण के मुंह से फूल और प्रतीकात्मक अंगारे निकलेंगे। उसका सिर 180 डिग्री तक दाएं-बाएं घूमेगा। बीते साल 90 फीट का पुतला बना था। 2 तस्वीर देखिए… मुस्लिम कारीगर बना रहे रावण, भाईचारे की मिसाल परेड की रामलीला में रावण के पुतले से लेकर मंच तैयार करने तक का काम मुस्लिम कारीगरों के हाथों हो रहा है। यहां पुतला बनाने का ठेका सलीम के पास है। उनके साथ मोहम्मद सुहैल, मोहम्मद हनीब, जहांगीर समेत करीब 20 कारीगर पुतले को आकार दे रहे हैं। धार्मिक आयोजन के लिए मुस्लिम कारीगरों का दिन-रात मेहनत करना शहर के आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश करता है। दो महीने से बना रहे पुतला पुतला बना रहे कारीगर मोहम्मद सुहैल ने बताया कि वह पिछले दो महीने से रावण का पुतला तैयार कर रहे हैं। उनकी टीम हर साल परेड रामलीला के लिए पुतले बनाती है। उन्होंने कहा कि हर बार कोशिश रहती है कि पुतला ऐसा तैयार हो, जिसे देखने के बाद लोग कुछ देर ठहरकर उसे निहारते रहें। रंगीन कागज और लाइटिंग का काम बाकी कारीगर ने बताया कि रावण का धड़, सिर और दूसरे हिस्से तैयार हो चुके हैं। अब पुतले पर रंगीन कागज लगाने और लाइटिंग समेत अंतिम सजावट का काम बाकी है। पुतले को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि दहन के दौरान उसके अलग-अलग हिस्सों की गतिविधियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनें। 80-80 फीट के होंगे मेघनाद-कुंभकर्ण परेड मैदान में रावण के साथ कुंभकर्ण और मेघनाद के 80-80 फीट ऊंचे पुतले भी तैयार किए जा रहे हैं। दहन के लिए करीब 30 फीट ऊंची और 100 फीट चौड़ी लंका भी बनाई जाएगी। दशहरा के दिन इन पुतलों का दहन रामलीला मैदान में होने वाले आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User