थाई महिला ने 55-लाख की गिफ्ट की थी स्पोर्ट्स बाइकें:रोते हुए कहा- उसने मुझे मारा, इरफान की मां बोली- पैसों के लालच में ब्लैकमेल कर रही

Oct 07, 2026 - 07:24
0
थाई महिला ने 55-लाख की गिफ्ट की थी स्पोर्ट्स बाइकें:रोते हुए कहा- उसने मुझे मारा, इरफान की मां बोली- पैसों के लालच में ब्लैकमेल कर रही
थाईलैंड की महिला से शादी कर 60 लाख की ठगी करने के मामले में पुलिस ने मो. इरफान को अरेस्ट कर लिया। मंगलवार देर रात जब उसे मीडियाकर्मियों के सामने लाया गया, तो वह रुमाल से मुंह ढकता नजर आया। सवाल पूछने पर वह फफक कर रोने लगा। डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पीड़िता अपसॉर्न की तहरीर पर धर्मपरिवर्तन का दबाव बनाने, मारपीट करने, धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दो बर्थडे पर बाइक खरीदने को दिए थे पैसे वहीं देर रात तक अनवरगंज थाने में डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव, एडीसीपी डॉ अर्चना सिंह, एसीपी अनवरगंज मंजय सिंह व एसीपी स्वरूप नगर ज्योति श्री ने कई राउंड में थाई महिला से पूछताछ की। महिला ने बताया कि उसकी शादी 2024 में हुई बौद्ध रीति रिवाजों के साथ हुई थी। इरफान को लग्जरी गाड़ियों का शौक है। दिसंबर में इरफान का जन्मदिन होता है। उसके दो बर्थडे पर Ninja–10 और BMW-1000 जैसी महंगी स्पोर्ट्स बाइक खरीदने के लिए पैसे दिए थे। अपसॉर्न ने बताया कि Ninja–10 बाइक के लिए उसने 21 लाख और BMW-1000 के लिए करीब 34 लाख रुपए इरफान को उन्होंने दिए थे। इरफान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट M I K VLOGE में लग्जरी बाइकों की खरीदारी करते हुए और कानपुर की सड़कों पर फर्राटा भरते हुए कई वीडियो भी पोस्ट किए है। वीडियो में वह बोल रहा है कि- फाइनली अब पुराने फॉर्म में आ रहा हूं, अब बहुत से लोग नफरत करेंगे मुझसे… स्पोर्ट्स बाइकों के साथ उसके पास तीन लग्जरी कारें भी है। रेस्टोरेंट पर लिया लोन, बहन से पैसे लिए उधार इरफान के तीन बच्चों के पिता होने की जानकारी पर थाई महिला टूट सी गई। जब वह अनवरगंज थाने पहुंची तो उसकी आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। अपसॉर्न ने रोते हुए डीसीपी सेंट्रल को बताया कि वह जब इरफान के घर पहुंची तो उसने मुझे पहचानने से इंकार कर दिया। कुछ देर बाद उसने स्वीकार किया, फिर धर्म परिवर्तन कर भारत में रहने का दबाव बनाने लगा, मना किया तो मुझे मारा, गंदी-गंदी गालियां दी। पीड़िता ने बताया कि उसका थाईलैंड में कैंटीन व रेस्टोरेंट है। बिजनेस से जितना भी कमाया वह इरफान पर खर्च कर दिया। पैसे कम पड़े तो रेस्टोरेंट बैंक में गिरवी रखकर लाखों का लोन लिया, बहन व अन्य रिश्तेदारों से उधार लेकर उसे पैसा दिया, लेकिन उसने धोखा दिया। पूछताछ के दौरान देर रात तक वह रोती रही। उसने पुलिस अधिकारियों को रोते हुए अंगूठियों की तस्वीर भी दिखायी, जो उसने इरफान से शादी के दौरान खरीदी थी। थाई महिला ने कहा कि– मैने इरफान और अपने नाम की रिंग भी बनवायी थी, जो शादी के दौरान इरफान ने मुझे पहनायी थी। एक जर्जर मकान में रहता है पूरा परिवार इरफान का इफ्तिखाराबाद वाली गली में एक जर्जर मकान में घर है। 3 कमरों के मकान में वह पूरे परिवार के साथ रहता है। पुलिस जब उसकी गिरफ्तारी करने पहुंची तो इलाके में हलचल तेज हो गई। आस–पड़ोस के लोगों ने बताया कि कुछ ही सालों में इरफान का रहन–सहन पूरी तरह से बदल गया था। वह महंगी–महंगी गाड़ियों से आता–जाता था। पूछने पर कहता था कि पार्टनरशिप में जाजमऊ में जूता फैक्ट्री चलाता है। इलाकाई लोगों ने दबी जुबान में बताया कि उसने कई युवतियों को अपने जाल में फंसाकर ठगी का शिकार बनाया है। मां बोली- अल्लाह इंसाफ करेगा वहीं इस पूरे मामले में इरफान की मां ने थाई महिला पर आरोप मढ़े। उन्होंने कहा कि बेटे पर लग रहे सारे आरोप निराधार है। मेरे बेटे को पैसों के चक्कर से फंसाकर उसकी जिंदगी बर्बाद की जा रही है। उसने बताया था कि कारोबार में बहुत नुकसान हुआ, जिस पर हम लोगों ने उसे पैसा भी दिया था, लेकिन यह सब नहीं पता था। अपसॉर्न से बात होने की जानकारी पर उन्होंने कहा कि बेटे के हाव–भाव से लगता था, कि कही कुछ गड़बड़ है, लेकिन बेटे को ठेस न लगे इस पर कुछ कहा नहीं। महंगी बाइकों के बारे में पूछने पर इरफान की मां ने कहा कि बेटे ने अपनी कमाई से स्पोर्ट्स बाइकें खरीदी थीं। महंगी बाइकें खरीदने पर इरफान के पिता नाराज भी होते थे। थाई महिला के लगाए गए आरोपों पर इरफान की मां ने कहा कि वह ब्लैकमेल करना चाहती है। महिला एक बच्चे की मां है। थाई महिला मेरे बेटे को लंबे समय से ब्लैकमेल कर रही थी, इन सब की चीजों की मुझे जानकारी भी थी। इसी कारण से बेटा तनाव में रहता था। उन्होंने कहा कि टेनरी मेरे पति की है। छोटे से उन्होंने शुरुआत की जिसे आज इस मुकाम तक पहुंचाया। थाईलैंड जाने के सवाल पर बताया कि पिता उसे मना करते थे। खैर, अब अल्लाह इंसाफ करेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User