कानपुर में नशेबाजी के विरोध में शिक्षक ने फांसी लगाई:आरती के लिए बुलाने पहुंची मां ने देखा फंदे पर लटका शव, जांच में जुटी पुलिस
कानपुर के थाना चकेरी स्थित अहिरवां में बुधवार देर रात पारिवारिक विवाद के बाद एक निजी स्कूल के शिक्षक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शराब के नशे में घर पहुंचे शिक्षक का किसी बात को लेकर बड़े भाई से विवाद हो गया था। दोनों के बीच हाथापाई भी हुई। इसके कुछ देर बाद शिक्षक ने अपने कमरे में चादर के सहारे फंदा लगा लिया। आरती के लिए बेटे को बुलाने पहुंची मां ने उसका शव फंदे से लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शराब पीने का विरोध करने पर हुआ था झगड़ा अहिरवां निवासी सुरेश चंद्र प्राइवेट नौकरी करते हैं। परिवार में पत्नी राधा और दो बेटे अमन व सुधांशु निषाद (22) थे। परिजनों के मुताबिक, सुधांशु महाराजपुर के तिलसहरी स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षक था। बुधवार शाम वह शराब के नशे में घर पहुंचा। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका बड़े भाई अमन से विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और हाथापाई होने लगी। विवाद के बाद सुधांशु अपने कमरे में चला गया। आरोप है कि इसके बाद उसने चादर से फंदा बनाकर जान दे दी। इधर, रात में घर में आरती की तैयारी हो रही थी। मां राधा बेटे को बुलाने के लिए उसके कमरे में पहुंचीं तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। बेटे को फंदे पर लटका देख परिवार में कोहराम मच गया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर चकेरी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत अन्य बिंदुओं पर जानकारी जुटा रही है। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)