कानपुर में पुलिसकर्मियों और युवाओं के लिए वेलनेस कैंप:37वीं वाहिनी पीएसी श्यामनगर में आयोजन, विशेषज्ञों ने समय प्रबंधन की समझाई रणनीति
कानपुर के श्यामनगर स्थित 37वीं वाहिनी पीएसी में सोमवार शाम 5 बजे ‘वामा सारथी वेलनेस कैंप’ का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य की जांच की गई। सेनानायक बीबी चौरसिया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. महेश चन्द्र और उनकी टीम ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। विशेषज्ञों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए भी जागरूक किया। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की बताई रणनीति कार्यक्रम के दूसरे चरण में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए ओरिएंटेशन सेशन हुआ। बर्रा स्थित अर्थ एकेडमी के विशेषज्ञ रोहित प्रताप सिंह और गरिमा चौहान ने अभ्यर्थियों को परीक्षा की तैयारी की रणनीति समझाई। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय करने के साथ नियमित और अनुशासित अध्ययन जरूरी है। अभ्यर्थियों को समय प्रबंधन, विषयवार तैयारी, नियमित रिवीजन और परीक्षा पैटर्न को समझकर रणनीति बनाने की जानकारी दी गई। कमजोर विषयों पर फोकस और लगातार अभ्यास की सलाह विशेषज्ञों ने अभ्यर्थियों को तैयारी के दौरान कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान देने और लगातार अभ्यास करते रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पढ़ाई के लिए समय का बेहतर तरीके से इस्तेमाल करने और नियमित रूप से अपनी तैयारी का आकलन करने की सलाह दी। कार्यक्रम में सहायक सेनानायक शैलेंद्र कुमार बाजपेई, शिविरपाल चंद्रेश्वर, सूबेदार रवेंद्र सिंह चौधरी, मीडिया प्रभारी रामेंद्र सिंह और एसक्यूएम शिवांशु द्विवेदी समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करने के साथ युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सही दिशा और प्रभावी अध्ययन रणनीति उपलब्ध कराना रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)