कानपुर में शराब ठेके के सेल्समैन की करंट से मौत:नहाने के लिए समर चालू करते ही लगा झटका, नल के पास मिला शव
कानपुर के बर्रा-7 स्थित देशी शराब ठेके में गुरुवार सुबह करंट की चपेट में आने से सेल्समैन की मौत हो गई। नहाने के लिए पानी भरते समय समर चालू करते ही उसे करंट लग गया। हादसे के बाद वह नल के पास गिर पड़ा। काफी देर बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की नजर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान कन्नौज के मानीमऊ गांव निवासी सुभाष (45) के रूप में हुई है। रात में उन्होंने पत्नी और बच्चों से करीब आधे घंटे फोन पर बात की थी और अगले सप्ताह चार दिन की छुट्टी लेकर घर आने की बात कही थी। सुबह नहाने के लिए पानी भरते समय लगा करंट परिजनों ने बताया कि गुरुवार सुबह सुभाष ठेके में नहाने के लिए पानी भर रहे थे। इसी दौरान समर चालू करते समय अचानक करंट की चपेट में आ गए और नल के पास गिर पड़े। काफी देर तक किसी को हादसे की जानकारी नहीं हुई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने सुभाष को जमीन पर पड़ा देखा तो आसपास के लोगों को बताया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पत्नी-बच्चों से रात में की थी बात, छुट्टी लेकर घर आने वाले थे सुभाष मूलरूप से कन्नौज के मानीमऊ गांव के रहने वाले थे और बर्रा-7 स्थित देशी शराब ठेके में सेल्समैन थे। परिवार में पत्नी आरती सिंह, बेटा आर्यन सिंह और बेटी आर्या हैं। शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंची पत्नी आरती ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे सुभाष ने फोन किया था। उन्होंने पत्नी और बच्चों से करीब आधे घंटे तक बातचीत की थी। इस दौरान अगले सप्ताह चार दिन की छुट्टी लेकर घर आने की बात कही थी। बातचीत के बाद सुभाष ने सोने की बात कहकर फोन रख दिया था। परिवार को अगले दिन उनकी मौत की खबर मिली। फोरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य सूचना मिलते ही बर्रा थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। ठेका संचालक को फोन कर घटना की जानकारी दी गई। संचालक मौके पर पहुंचे और सुभाष के परिजनों को हादसे की सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजन सुभाष की मौत से बदहवास नजर आए। थाना प्रभारी बोले- तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई बर्रा थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करंट की चपेट में आने से सेल्समैन की मौत की बात सामने आई है। अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है और न ही किसी पर आरोप लगाया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर उसके आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)