कानपुर में ट्यूशन पढ़ाने गई युवती चार दिन से लापता:रेलवे ट्रैक किनारे मिला शव, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई

Oct 02, 2026 - 16:41
0
कानपुर में ट्यूशन पढ़ाने गई युवती चार दिन से लापता:रेलवे ट्रैक किनारे मिला शव, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई
कानपुर के गोविंद नगर में घर के पास ट्यूशन पढ़ाने गई 23 वर्षीय रुचि पाल चार दिन बाद रेलवे ट्रैक किनारे मृत मिली। शुक्रवार दोपहर पुलिस को शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिवार का आरोप है कि रुचि के लापता होने की सूचना देने के बावजूद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की। करीब दो दिन बाद गुमशुदगी दर्ज की गई। परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस समय रहते उसकी तलाश शुरू करती, तो शायद उसकी जान बच सकती थी। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्यूशन पढ़ाने गई थी, फिर नहीं लौटी घर गोविंद नगर थाना क्षेत्र निवासी विमल पाल प्राइवेट नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी रुचि पाल 28 सितंबर की शाम करीब 6 बजे घर के पास ट्यूशन पढ़ाने गई थी। ट्यूशन खत्म होने के बाद भी वह घर नहीं लौटी। शुरुआत में परिवार को लगा कि वह किसी परिचित के यहां रुक गई होगी। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। मोबाइल और दूसरे माध्यमों से भी जानकारी जुटाने की कोशिश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। दो दिन बाद दर्ज हुई गुमशुदगी परिजनों के मुताबिक, रुचि का पता नहीं चलने पर वे गोविंद नगर थाने पहुंचे और पुलिस से उसकी तलाश कराने की गुहार लगाई। उनका आरोप है कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बाद में आने को कहा। परिवार अपने स्तर से भी तलाश करता रहा। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन रुचि के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। परिजनों का दावा है कि करीब दो दिन बाद पुलिस ने उसकी गुमशुदगी दर्ज की। रेलवे ट्रैक किनारे मिला शव, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य शुक्रवार दोपहर पुलिस को रेलवे ट्रैक किनारे एक युवती का शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को भी बुलाया। शव देखते ही परिवार ने रुचि के रूप में उसकी पहचान कर ली। सूचना पर फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रुचि की मौत किन परिस्थितियों में हुई, वह रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची और उसके साथ कोई वारदात हुई या नहीं, पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप बेटी की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई होती तो रुचि को बचाया जा सकता था। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। डीसीपी वेस्ट दीपेंद्रनाथ चौधरी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पर लगाए गए लापरवाही के आरोपों की भी जांच होगी। यदि किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User